कनीना। कनीना मंडी में दिनदहाड़े नहर के पास मिष्ठान भंडार से दो अज्ञात व्यक्ति मिठाई लेने के बहाने आए और पिस्तौल के बल पर गल्ला साफ कर गए।
लगभग चार महीने पहले स्थापित विजेंद्र मिष्ठान भंडार के संचालक विजेंद्र ने बताया कि वे रेवाड़ी गए हुए थे और सेल्समैन रवि दुकान पर था। दोपहर के समय दो व्यक्ति पैदल आए जिन्होंने लड्डूू आदि के भाव पूछे और पांच किलो लड्डूू भी तुलवा लिए। इसके बाद पनीर के भाव पूछे तभी एक व्यक्ति दुकान के अंदर चला गया। उस वक्त सेल्समैन रवि मिठाई तौल रहा था। आसपास कोई व्यक्ति नहीं था। अंदर पहुंचे व्यक्ति ने रवि की पीठ पर पिस्तौल लगा दी। रवि घबरा गया तथा दूसरे व्यक्ति ने तीव्र गति से गल्ला साफ कर लिया। तभी तीसरा व्यक्ति बाइक लेकर आया। उस बाइक पर बैठकर तीनों फरार हो गए। सेल्समैन तुरंत बिजेंद्र के घर पर पहुंचा किंतु बिजेंद्र रेवाड़ी गए हुए थे। उन्हें फोन पर सूचना मिली तो वे तुरंत दुकान पर पहुंचे किंतु दुकान से दिनभर की बिक्री के आठ हजार रुपये गायब मिले। उन्होंने पुलिस में सूचना दे दी है। पुलिस कार्रवाई में जुटी है।