नारनौल। मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना हरियाणा सरकार की अहम योजना है। इस गरीब लोगों को फोकस में रखकर तैयार किया गया है। ऐसे में सभी बैंक अधिकारी इस योजना के तहत विभिन्न अंत्योदय मेलों में आए हुए आवेदनों पर कार्रवाई करते हुए जल्द से जल्द लाभार्थियों को लोन दें। यह निर्देश जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित शर्मा ने वीरवार को पंजाब नेशनल बैंक के मीटिंग हॉल में मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना की समीक्षा बैठक में दिए। इस बैठक की अध्यक्षता लीड बैंक मैनेजर विजय सिंह ने की। इस मौके पर अमित शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री परिवार उत्थान योजना सरकार की एक अहम योजना है जिसमें सभी बैंक मैनेजर ने लाभार्थियों को नियमानुसार लोन देकर कामयाब करना है। उन्होंने कहा कि जिस भी बैंक ब्रांच में इस योजना के आवेदन लंबित है उन्हें तुरंत प्रभाव से पूरा करके लाभार्थियों को लोन देना सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि जिले में अब तक लगभग 1300 से अधिक लाभार्थियों को बैंकों द्वारा लोन वितरित कर दिया गया है। इन सभी ने अपना काम भी आरंभ कर दिया है। लीड बैंक मैनेजर विजय सिंह ने बैंक वाइज इस योजना के लंबित केसों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जो केस स्वीकृत हैं उन्हें जल्द से जल्द लाभ दें। जिन केस में लाभ देय नहीं बनता उन्हें नियमानुसार निपटाएं करें। उन्होंने मैनेजरों को कहा कि इस योजना के बारे में मॉनिटरिंग मुख्यमंत्री कार्यालय से समय समय पर की जाती है। ऐसे में जो भी लंबित केस हैं, उन पर तुरंत कार्रवाई करें। बैठक में विभिन्न बैंक ब्रांचों के मैनेजर के साथ अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।