नारनौल। इन दिनों अवैध रूप से होटल, ढाबों पर शराब पिलाई जा रही है। जिसकी सीएम फ्लाइंग को कुछ दिनों से शिकायत मिल रही थी। शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए सीएम फ्लाइंग रेवाड़ी से एएसआई सचिन कुमार व आबकारी विभाग से निरीक्षक मोतीराम ने संयुक्त रूप से नसीबपुर स्थित बाईपास पर बने नेपाली चिकन काॅर्नर पर संयुक्त रूप से छापा मारा। जहां पर चिकन कॉर्नर संचालक लोगों को बैठाकर शराब पिलाता हुआ मिला। चिकन कॉर्नर संचालक ने एक अवैध आहता बनाया हुआ था। इस बारे में सीएम फ्लाइंग ने स्थानीय पुलिस को शिकायत कर चिकन कॉर्नर संचालक के खिलाफ मामला दर्ज करने के बारे में भी लिखा है। शुक्रवार शाम को मुख्यमंत्री उड़नदस्ता रेवाड़ी के एएसआई सचिन कुमार, मुख्य सिपाही अजय कुमार, खुफिया विभाग की तरफ से एसआई संदीप, मुख्य सिपाही अनिल कुमार और एक्साइज विभाग की संयुक्त टीम द्वारा नसीबपुर गांव के पास बाईपास के नजदीक नेपाली चिकन कॉर्नर पर छापेमारी की। टीम ने मौके पर पहुंचकर काउंटर पर मिले संचालक से पूछताछ की तो उसने अपना नाम कृष्ण कुमार निवासी नसीबपुर बताया। इसके बाद फ्लाइंग ने निरीक्षण किया तो देखा कि होटल में अनेक टेबल रखी हुई है और कुछ लोग शराब का सेवन कर रहे थे। इस बारे में टीम ने कृष्ण कुमार से होटल में बैठाकर शराब पिलाने का लाइसेंस मांगा तो वह लाइसेंस भी नहीं दिखा पाया।