राजीव चौक के पास स्थित अनाज मंडी में कोऑपरेटिव सोसाइटी केंद्र पर बुधवार को डीएपी खाद लेने के लिए किसानों की लंबी कतार लगी रही। डीएपी खाद लेने के लिए किसान सुबह से ही मंडी में आकर केंद्र के बाहर लाइन में खड़े हो जाते हैं।
केंद्र पर अभी तक पर्याप्त मात्र में डीएपी खाद आ जाने से हालांकि मारामारी तो नहीं हो रही परंतु किसानों को लाइन में लगकर जरूर अपनी बारी का घंटों इंतजार करना पड़ता है। किसानों की ज्यादा भीड़ होने के कारण बहुत से किसान तो अपने परिवार की महिलाओं को ही भेज देते हैं, जिसके कारण उनका नंबर जल्दी आ जाता है, क्योंकि महिलाओं की अलग से लाइन लगवाकर खाद दी जा रही।
कोऑपरेटिव सोसाइटी कार्यालय में डीएपी खाद वितरित कर रहे कर्मचारी प्रदीप व परविंद्र ने बताया कि नौ सितंबर को उनके पास 500 डीएपी खाद के कट्टे आए थे। उस दिन सभी को तीन-तीन कट्टे वितरित किए गए थे। इसके बाद 16 सितंबर को एक हजार कट्टे आए तो भीड़ कम होने के कारण सभी को पांच-पांच कट्टे दिए गए थे। कर्मचारियों ने बताया कि अब 18 सितंबर को फिर एक हजार कट्टे आए हैं। किसानों की भीड़ को देखते हुए सभी को आज चार-चार कट्टे वितरित किए जा रहे हैं। कर्मचारियों ने बताया कि वैसे फिलहाल डीएपी खाद की कमी नहीं है और किसानों की भीड़ को देखते हुए कट्टों की संख्या कम-ज्यादा करके सभी को वितरित किए जा रहे हैं। कर्मचारियों ने बताया कि अभी एक हजार कट्टे आए हैं और एक-दो दिन में फिर से गाड़ी आ जाएगी।