नारनौल। नारनौल रेलवे स्टेशन का के प्लेटफार्म संख्या एक और दो की लंबाई बढ़ाकर 576 मीटर की जाएगी। इसके बाद यहां 22 की जगह 24 कोच की ट्रेनें भी यहां रुक सकेंगी। साथ ही स्टेशन पर यात्रियों के लिए कोच इंडेक्शन बोर्ड एवं एलईडी की सुविधा होगी। दिव्यांगों के पुल पर चढ़ने एवं उतरने के लिए फुटपाथ बनाया जाएगा। जयपुर मंडल ने इन कार्यों के लिए प्रस्ताव उच्चाधिकारियोें को मंजूरी के लिए भेज दिया है। मंजूरी मिलने पर आगे की कार्यवाही प्रारंभ कर दी जाएगी। अभी काम शुरू होने में लगभग छह महीने का समय लग सकता है।
इसके अलावा रेवाड़ी से जयपुर के लिए ट्रेन चलने की भी संभावना है। गाड़ी का प्रपोजल बनाकर मंत्रालय को भेजा गया है। वर्तमान में नारनौल रेलवे स्टेशन अन्य बड़े स्टेशनों की तुलना में छोटा है। स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 और 2 लंबाई 542 मीटर है जिस पर 22 कोच की गाड़ी ही आ सकती है। अब उत्तर पश्चिमी रेलवे की ओर से स्टेशन की लंबाई बढ़ाने का निर्णय लिया है। स्टेशन की लंबाई 542 से बढ़ाकर 576 मीटर की जाएगी। उसके बाद 24 कोच की पूरी गाड़ी यहां रुक सकेंगी। इससे यात्रियों को किसी प्रकार की समस्या नहीं उठानी पड़ेगी। रेलवे स्टेशन पर वर्तमान में इंडेक्शन बोर्ड नहीं है जिससे आरक्षित टिकट यात्रियों को पता नहीं चल पाता कि कौन सा कोच कहां पर आएगा। गाड़ी आने के बाद उन्हें आगे पीछे भाग दौड़ करनी पड़ती है जिससे गाड़ी छूटने का डर रहता है। कोच इंडेक्शन बोर्ड लग जाने के बाद पता लग जाएगा कि उनका कोच कहां आएगा, वो वहीं खड़े होकर अपने कोच में चढ़ जाएंगे। इसके अलावा एलईडी भी लगाई जाएगी जिससे पता चलेगा कि कौन सी गाड़ी कितनी देरी से आ रही है। संवाद
दिव्यांगों के लिए बनाया जाएगा फुटपाथ
रेलवे स्टेशन पर दिव्यांगों को किसी प्रकार की समस्या न हो, इसका भी ध्यान रखा जाएगा। जयपुर मंडल स्टेशन पर लिफ्ट लगवाने का निर्णय लिया था। जब उन्होंने जांच की तो पता चला कि पुल पुराने तर्ज पर बने होने के कारण लिफ्ट की व्यवस्था नहीं हो सकती। इस वजह से अब यहां पर फुटपाथ बनाया जाएगा ताकि दिव्यांगों को पुल पर चढ़ने एवं उतरने में कोई समस्या न हो।
-
वर्जन:
नारनौल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक और दो की लंबाई बढ़ाने और अन्य कार्यों के लिए कार्य मंजूर करा रहे हैं। मंजूरी के लिए प्रस्ताव अधिकारियों को भेजा जाएगा। मंजूरी मिलने पर टेंडर लगाकर काम शुरू करवा दिया जाएगा। रेवाड़ी-जयपुर गाड़ी के लिए भी प्रपोजल बनाकर भेजा हुआ है।-मुकेश सैनी, वरिष्ठ वाणिज्यिक प्रबंधक, जयपुर मंडल।
-
वर्जन:
पिछली बैठक में जयपुर मंडल के जीएम के समक्ष रेवाड़ी से जयपुर गाड़ी चलाने की मांग रखी थी। उन्होंने एक गाड़ी चलवाने का आश्वासन भी दिया था। अभी तक गाड़ी क्यों नहीं चल पाई। इसके बारे में जीएम से बातचीत करेंगे।- चौधरी धर्मबीर सिंह, सांसद महेंद्रगढ़-भिवानी लोकसभा।