गांव खैरानी में आम रास्ते पर किए गए कब्जों पर पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में प्रशासन ने पीला पंजा चलाकर हटवाया। विदित हो कि गांव की फिरनी जो 22 फीट चौड़ी है इस पर गांव के कुछ लोगों ने चारदीवारी कर स्थाई कब्जा कर रखा था। इसके अलावा कुछ लोगों ने गांव के रास्ते पर भी चारदीवार बनाकर कब्जा हुआ था। गांव की सरपंच सरिता ने कब्जा हटवाने के लिए बीडीपीओ कार्यालय में शिकायत लगाई थी। सरपंच की शिकायत पर प्रशासन द्वारा रास्ते की पैमाइश करवाई गई इसके बाद कब्जाधारियों को नोटिस भेजा गया। नोटिस के बाद भी कब्जा नहीं हटाया तो प्रशासन ने इन अतिक्रमणों पर पीला पंजा चलाकर रास्ते को मुक्त कराया। बीडीपीओ ओमप्रकाश के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई का कब्जाधारियों ने भी विरोध किया लेकिन पुलिस की मौजूदगी पर कब्जा हटा दिया गया।