फोटो संख्या: 89 नगरपालिका महेंद्रगढ़---संवाद
महेंद्रगढ़। पिछले करीब दो साल से विवादों में रहे महेंद्रगढ़ नगरपालिका के जेई मनोज कुमार को शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय की ओर से सस्पेंड (निलंबित) कर दिया गया है। वहीं पिछले एक साल से जेई मनोज कुमार के खिलाफ लगातार भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए शिकायतें की जा रही थीं। अब शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय पंचकूला की ओर से मंगलवार को पत्र जारी किया गया है।
नगर आयुक्त महाबीर प्रसाद को शहर के मोहल्ला कोका बगड़ी निवासी एक महिला ने गत 7 जुलाई को शिकायत पत्र भेजा था। निदेशालय की ओर से नगर आयुक्त को पत्र भेजकर यह शिकायत संलग्न की गई थी। इस पत्र पर एक सप्ताह में स्पष्टीकरण भेजने के निर्देश दिए गए थे। जेई मनोज कुमार लगातार विवादों में रहा है।
इन मामलों को लेकर की जा रही थीं भ्रष्टाचार की शिकायतें
गत दिनों शहर के हुड्डा पार्क में कांग्रेसी विधायक की ओर से बनवाई जा रही व्यायामशाला व टेनिस कोर्ट को लेकर विवादों में रहा था, साथ ही पार्षदों एवं नगरपालिका प्रधान की ओर से डीएमसी को लगातार भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायतें की जा रही थीं। मंगलवार को शहरी स्थानीय निकाय पंचकूला के निदेशक यशपाल यादव आईएएस की ओर से संज्ञान लेते हुए जेई मनोज कुमार के निलंबन के आदेश दिए गए हैं।