नारनौल। बहरोड रोड स्थित महंत दुर्बल नाथ मंदिर में खटीक समाज की ओर से जननायक जनता पार्टी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें खटीक समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस मौके पर जेजेपी के जिलाध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा मुख्यातिथि रहे जबकि उनके साथ वरिष्ठ नेता धर्मबीर यादव व जजपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला संयोजक महेंद्र सिंह खन्ना रिटायर्ड डीजीएम भी रहे। इस मौके पर जेजेपी जिलाध्यक्ष डाॅ. मनीष शर्मा ने कहा कि जननायक जनता पार्टी छत्तीस बिरादरी को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है तथा सभी कार्यकर्ताओं को पूरा मान-सम्मान देती है। कहा कि 17 सितंबर को दादरी में जेजेपी की लोकसभा स्तर पर नव संकल्प रैली आयोजित की जा रही है, जिसका निमंत्रण देने के लिए वह आज यहां आए हैं। उन्होंने कहा कि इस रैली के लिए चार सितंबर को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डाॅ. अजय सिंह चौटाला भी नारनौल आ रहे हैं और हम सभी को मिलकर उनका भव्य स्वागत करना है तथा दादरी रैली में भारी भीड़ जुटानी है। इस मौके पर दुर्बल नाथ मंदिर खटीक समाज के प्रधान डाॅ. सतबीर चौहान, बिजेंद्र, धूप सिंह बहल, सत्तू खटीक, भवानी शंकर, कालीचरण चौहान, किशन लाल बहल, विजय चौहान, सुनील चौहान मौजूद थे।