इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्यसभा चुनाव में वोट देने के मुद्दे पर कहा कि जनता की आवाज भगवान की आवाज है और जनता ने मुझे कांग्रेस और बीजेपी से दूरी बनाने को कहा है। ऐसे में पार्टी के दोनों विधायक मतदान से अनुपस्थित रहेंगे।
कांग्रेस और बीजेपी पर बोला हमला
कांग्रेस से हमारी दूरी पहले से ही है। वहीं, बीजेपी ने पिछले 11 साल में जातिवाद, सांप्रदायिकता को बढ़ावा दिया है। बीजेपी के राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा और विधायक रामकुमार गौतम की भाषा इनेलो विरोधी रही है। कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी हमारे बारे में अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। हम बीजेपी को वोट किसी कीमत पर नहीं देंगे। इस दौरान इनेलो के दोनों विधायक अदित्य देवीलाल और विधायक अर्जुन चौटाला भी उनके साथ मौजूद रहे।
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा को लेकर कही ये बात
चुनाव से पूर्व भूपेंद्र सिंह हुड्डा 37 विधायकों के समर्थन का दावा करते थे। लेकिन ऐसा नहीं होता लग रहा। कांग्रेस में भी कुछ विरोधी हैं। मतदान के दौरान भूपेंद्र सिंह हुड्डा परेशान दिखाई दे रहे थे। कांग्रेस अपने 37 विधायकों को संभाले। विधानसभा चुनाव में सारी टिकट भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बांटी है। क्रॉस वोटिंग के लिए वही जिम्मेदार होंगे।