संवाद न्यूज एजेंसी
नारनौल। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा दूसरे दिन रविवार को भी शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न हुई। दो सत्रों में परीक्षा हुई। सायं के सत्र में पीआरटी लेवल-1 की परीक्षा दोपहर 3 बजे से 5.30 बजे तक हुई। सुबह के सत्र की परीक्षा नारनौल में 12 तथा महेंद्रगढ़ 13 केंद्रों पर करवाई गई। इसमें कुल 6954 अभ्यर्थियों में से 6430 अभ्यर्थी ही परीक्षा देने पहुंचे। जबकि 524 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
सायं के सत्र में केवल महेंद्रगढ़ के 9 केंद्रों पर परीक्षा करवाई गई। सायं के सत्र में कुल 2486 में से 2196 अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे जबकि 290 अभ्यर्थी गैर हाजिर रहे। इस प्रकार रविवार को दोनों सत्रों में कुल 9440 अभ्यर्थियों में से 8626 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 814 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। शिक्षा बोर्ड के उड़नदस्तों ने परीक्षा केंद्रों निरीक्षण किया। जबकि अभ्यर्थियों को भी गहनता से जांच के बाद ही परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश दिया गया।
परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए शिक्षा बोर्ड की तरफ से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। इसमें अभ्यर्थियों की प्रथम स्तर पर रोल नंबर की जांच की गई। दूसरे स्तर पर मेटल डिडेकटर जांचा गया है। वहीं तीसरे स्तर पर बायोमेट्रिक के माध्यम से अभ्यर्थियों को डॉटा कैप्चरिंग की गई। उक्त सभी जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश दिया गया।
वर्जन -
दूसरे दिन की दोनों सत्रों में हरियाणा पात्रता परीक्षा शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न हुई। सुबह के सत्र में नारनौल व महेंद्रगढ़ के सभी केंद्रों पर परीक्षा हुई तो सायं के सत्र में केवल महेंद्रगढ़ के 9 केंद्रों पर परीक्षा करवाई गई। परीक्षा में कुल 9440 में से 8626 अभ्यर्थी देने पहुंचे।-सुभाष चंद, उप जिला शिक्षा अधिकारी नारनौल।