मंडी अटेली। गांव सलीमपुर के ग्रामीणों ने राशन डिपो होल्डर पर समय पर राशन न देने का आरोप लगाते हुए रोष प्रकट किया। गांव की सरपंच उर्मिला, नंबरदार रामनिवास, जसवंत, रामपाल, राम सिंह, सुरेश, ओमप्रकाश, सुदेश, शिव कुमार आदि ने जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी को दी शिकायत में कहा कि उन्हें तीन माह से राशन नहीं मिल रहा है। इससे पहले भी राशन समय पर नहीं मिला। राशन समय पर न मिलने से उन्हें भारी परेशानी से गुजरना पड़ रहा है। सरकार द्वारा चलाई गई स्कीम को लाभ डिपो होल्डर की मनमानी से नहीं मिल रहा है हालांकि शिकायत पर डिपो होल्डर की सप्लाई निरस्त कर दी गई लेकिन अब राशन वितरित करने की जिम्मेवारी किसी की नहीं लगाई गई जिससे उनको राशन नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने अविलंब दूसरे डिपो होल्डर को लगाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि तीन माह से राशन नहीं मिल रहा है और वे पूरी तरह राशन पर ही निर्भर है। ऐसे में उनको भारी संकट से गुजरना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि डिपो होल्डर की कई बार शिकायत होने के बाद भी गांव में अन्य को डिपो नहीं दिया जा रहा है जबकि पंचायत स्वयं चाहती है कि इस डिपो होल्डर को हटाकर दूसरा डिपो होल्डर नियुक्त किया जाए।