नारनौल। शहर के बाईपास पर शनिवार सायं को हुए सड़क हादसे में घायल हुई युवती ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने परिजनों के ब्यान पर कार्रवाई कर रविवार सायं को युवती का पोस्टमार्टम कर उसे परिजनों को सौंप दिया। शनिवार दोपहर बाद शहर के बाईपास से स्कूटी द्वारा अपने घर रघुनाथपुरा की ओर जा रही मां-बेटी को एक सिमेंट से भरे अनियंत्रित ट्राले ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्राला स्कूटी पर ही पलट गया। जिससे स्कूटी ट्राले के नीचे दब गई। इस हादसे में स्कूटी सवार गांव रघुनाथपुरा निवासी एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी सरिता गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल को इलाज के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां से उसे गंभीर अवस्था के बाद रेफर कर दिया गया। जिसे परिजन बहरोड के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे थे, लेकिन गंभीर हालात के चलते युवती को बहरोड अस्पताल से भी रेफर कर दिया गया। जिसके बाद परिजनों युवती को जयपुर ले गए, लेकिन युवती ने बीच रास्ते में ही दम तोड़ दिया।