कनीना। उप नागरिक अस्पताल से मंडी तक जाने वाले बदहाल सड़क मार्ग की दशा सुधार की मांग को लेकर सातवें दिन भी धरना-प्रदर्शन जारी रहा।
शुक्रवार को प्रमुख समाजसेवी ठाकुर अतरलाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सड़क मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, उपायुक्त महेंद्रगढ़, उपमंडल अधिकारी नागरिक कनीना के नाम चार अलग-अलग ज्ञापन उपमंडल अधिकारी नागरिक कार्यालय में सौंपे। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि तीन दिन के अंदर नगरपालिका, जिला प्रशासन तथा सरकार ने जर्जर सड़क की सुध लेकर सड़क की दशा सुधार के लिए कार्रवाई शुरू नहीं की तो उपमंडल कार्यालय का घेराव किया जाएगा। अतरलाल ने कहा कि कनीना उपनागरिक अस्पताल से मंडी तक जाने वाली मुख्य सड़क में जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण पैदल राहगीरों तथा वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। मंडी की तरफ रेलवे स्टेशन, बैंक शाखाएं, थाना, वेयर हाउस के गोदाम, वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, व्यापारिक प्रतिष्ठान होने के कारण इस सड़क पर आवागमन ज्यादा होता है। दोनों तरफ के दुकानदारों को रोजाना धूल मिट्टी खानी पड़ रही है। नगरपालिका, जिला प्रशासन तथा राज्य सरकार के उदासीन रवैये के कारण लोगों में भारी रोष बना है।