नारनौल। नागरिक अस्पताल नारनौल में दिन-प्रतिदिन मरीजों की संख्या में इजाफा देखने को मिल रहा है। हीट वेव को लेकर प्रशासन पहले ही एडवाइजरी जारी कर चुका है। गर्मी के मौसम में धूल-मिट्टी और तेज धूप से आंखों में जलन और आई फ्लू जैसी समस्याओं का खतरा भी बढ़ जाता है।
गर्मियों में तेज धूप, गर्म हवाएं और लू के कारण आंखों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचने का खतरा बना रहता है। नेत्र रोग विशेषज्ञ डाॅ. आकांक्षा यादव ने बताया कि गर्मी के मौसम में आंखों में ड्राइनेस बढ़ने लगती है। इसकी वजह से आंखों में जलन, एलर्जी और आंखों का लाल हाेना जैसी समस्याओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने बताया कि गर्म हवा और तेज धूप आंखों को नुकसान पहुंचा सकती है। इसलिए तेज धूप में कम बाहर निकलना चाहिए और आवश्यक होने पर चश्मे का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने बताया कि आंखों में सुजन या जलन होने पर गर्म कपड़े से सिकाई करे और चिकित्सक के परामर्श के बिना किसी दवा का सेवन न करें।
ज्यादा से ज्यादा पानी पीएं और आंखों को ठंडे पानी से धोएं
गर्मी के मौसम में ज्यादा पानी पीने की सलाह दी जाती है। क्योंकि सही मात्रा में और नियमित रूप से पानी पीते रहने से डिहाइड्रेशन से बचाव के साथ आंखों की भी सुरक्षा की जा सकती है। नेत्र रोग विशेषज्ञ डाॅ. अकांक्षा यादव का कहना हैं कि डिहाइड्रेशन की स्थिति में आंखों में ड्राई आई सिंड्रोम की समस्या होने का खतरा बना जाता है। त्वचा और आंखें, दोनों को स्वस्थ रखने के लिए उचित मात्रा में नियमित रूप से पानी का सेवन करना चाहिए।
गर्म हवा और तेज धूप आंखों को नुकसान पहुंचा सकती है। इसलिए तेज धूप में कम बाहर निकलना चाहिए और आवश्यक होने पर चश्मे का प्रयोग करना चाहिए। पानी का भी नियमित रूप से सेवन करना चाहिए।
डॉ. आकांक्षा यादव, नेत्र रोग विशेषज्ञ नागरिक अस्पताल नारनौल।