कनीना। नगर पालिका कनीना की ओर से शहर में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के बड़े-बड़े बोर्ड लगा दिए गए हैं। नगर पालिका के सचिव समय पाल सिंह ने कहा कि कनीना के बस स्टैंड के पीछे बने ग्राउंड, फुटबॉल ग्राउंड के दोनों तरफ व राजकीय महाविद्यालय समेत पांच जगह पर बड़े-बड़े होर्डिंग लगाकर आमजन को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जगह-जगह गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अगर कोई व्यक्ति तय स्थान से हटकर दूसरी जगह कूड़ा कचरा डालते हुए मिला तो उसके खिलाफ 5000 का जुर्माना व एफआईआर दर्ज की जाएगी। अगर कोई कूड़ा डालने वाले की फोटो खींचकर देगा तो उसकी उचित नाम दिया जाएगा। कहा कि नगर पालिका प्रशासक एसडीएम सुरेंद्र सिंह के माध्यम से कनीना को साफ सिटी व सेफ सिटी बनाने का कार्य किया जा रहा है। नगर पालिका प्रशासक एसडीएम सुरेंद्र सिंह ने बताया कि नगर पालिका की ओर से एक बड़ा ट्रैक्टर, एक छोटा मिनी ट्रैक्टर व एक मिनी जेसीबी लोडर भी खरीदा जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में तीन ट्रैक्टर ट्राॅली में तीन टेंपो नगरपालिका की ओर से कचरा उठाने के लिए लगाया गए हैं। शहर से दूर बनी हुई मानका वाली बनी में कचरा डंपिंग स्थान बनाया हुआ है। इस कचरे से नेचुरल खाद बनाया जाएगा।
सफाई अभियान को लेकर चलाई गई एसडीएम की ओर से अच्छी मुहिम है। बस स्टैंड पर कचरा इधर-उधर गिरा रहता था। वह अब दिखाई नहीं देगा। इसके साथ-साथ गंदगी भी नहीं रहेगी।
-मोहित शर्मा
स्वच्छता अभियान के तहत कनीना में चलाई गई स्वच्छ अभियान के दौरान अब बस स्टैंड पर साफ सफाई नजर आती है। दुकानदारों ने अपनी दुकानों पर डस्टबिन रखना शुरू कर दिया है।
-सत्यवान
एसडीएम के आदेश अनुसार नगर पालिका की ओर से स्वच्छता अभियान का कनीना क्षेत्र में असर दिखान शुरू हुआ है। बस स्टैंड पर पहले जहां कचरा पड़ा रहता था अब वहां पर साफ सफाई नजर आती है। सभी दुकानदारों ने अपनी दुकानों पर डस्टबिन का उपयोग करना शुरू कर दिया है।
-कृष्ण कुमार
दुकानदार अपनी दुकानों का कचरा अब डस्टबिन में एकत्रित करने लगे हैं। नगर पालिका की गाड़ी में कूड़ा डालना शुरू किया है, जिससे अब बस स्टैंड पर साफ सफाई देखने को मिलती है, जिससे बाहर से आने जाने वाले लोगों का भी और ध्यान खींचा है।
-मोहित सिंगला
नगर पालिका कनीना को साफ सुंदर बनाने के लिए सभी प्रयास किया जा रहे हैं। शहर में जगह-जगह कूड़े के कचरे के ढेर लगे हुए थे उनको उठा दिया गया है। उनकी जगह बड़े-बड़े बोर्ड लगा दिए गए हैं। अगर कोई व्यक्ति निर्धारित स्थानों से हटकर कहीं भी कूड़ा कचरा डालता है शहर को गंदा करता है तो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-नगर पालिका प्रशासक एसडीएम सुरेंद्र सिंह
शहर को सुंदर साफ सुरक्षित बनाने के लिए नगर पालिका द्वारा समय-समय पर विभिन्न प्रकार का अभियान चलाए जाते हैं। वर्तमान में कनीना नगर पालिका की ओर से शहर को गंदा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का अभियान चलाया हुआ है। अगर कोई व्यक्ति शहर को गंदा करता है तो उसके खिलाफ 5000 का जुर्माना व कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अपने घर के बाहर डस्टबिन रखे।
-समय पाल सिंह, सचिव नगर पालिका, कनीना