सतनाली। गांव श्यामपुरा निवासी राजपूताना राइफल के मेजर संदीप सिंह शेखावत के सोमवार को सेना मेडल से सम्मानित होकर पहली बार गांव पहुंचने पर क्षेत्र के लोगों ने भव्य स्वागत किया। संदीप सिंह शेखावत निवासी श्यामपुरा आरआर रेजीमेंट आर्मी में करीब 5 माह पहले पुलवामा के पास स्थित एक गांव में चार आतंकवादी घुसने की सूचना पर पहुंचे थे। रातभर चले ऑपरेशन में चारों आतंकवादियों को मार गिराया था। इस कार्रवाई के दौरान भारतीय सेना का एक जवान भी शहीद हो गया। इस ऑपरेशन के मेजर संदीप सिंह शेखावत को गोली लगी थी। लंबे उपचार के बाद स्वस्थ हुए। उनकी बहादुरी पर भारत सरकार ने उन्हें सेना मेडल से सम्मानित किया। सोमवार को श्यामपुरा गांव में पहुंचने पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों एवं ग्रामवासियों द्वारा मेजर संदीप सिंह शेखावत का भव्य स्वागत किया। गांव के सरपंच विनोद सिंह, राष्ट्रवादी जनलोक पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह तंवर बसई, राजपूत सभा के अध्यक्ष सवाई सिंह राठौड़, कृष्ण सिंह शेखावत, रमेश सिंह, पूर्ण सिंह सहित अनेक लोग शामिल रहे।