नारनौल। संयुक्त पात्रता परीक्षा में काम का दबाव देखते हुए रोडवेज के कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।
हरियाणा रोडवेज के जीएम नवीन शर्मा ने बताया कि अभ्यर्थियों की सहायता के लिए विभाग के कर्मचारी पिछले 2 दिनों से लगातार 24 घंटे कार्यरत हैं। परीक्षा को देखते हुए कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द की गई हैं। जिले के सभी रोडवेज कर्मी पूरी क्षमता के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 6 नवंबर के लिए जिले के 14500 अभ्यर्थियों ने बसों में सीटों का पंजीकरण करवाया है। शनिवार को पहले दिन महेंद्रगढ़ तथा नारनौल से 434 बसों के माध्यम से परीक्षार्थियों को विभिन्न जिलों में भेजा गया है। इनमें 38 शटल बस शामिल हैं। किसी भी परीक्षार्थी से कोई किराया नहीं लिया गया। यह यात्रा पूरी तरह से मुफ्त रहेगी। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया है कि वे रविवार को बहुत जरूरी ना हो तो सफर ना करें। ज्यादातर बसें परीक्षार्थियों के लिए बुक की गई हैं। ऐसे में विभिन्न रूटों पर भी सामान्य नागरिकों के लिए बसें कम की गई हैं।
बसों की व्यवस्था से खुश नजर आए अभ्यर्र्थी
नारनौल। पहले दिन शनिवार को शांतिपूर्वक तरीके से संयुक्त पात्रता परीक्षा संपन्न हुई। दूसरे दिन 6 नवंबर को भी यहीं परीक्षा दो शिफ्ट में होगी। परीक्षार्थियों को केंद्रों तक बसों से मुफ्त में पहुंचाने के फैसले से परीक्षार्थी काफी उत्साहित नजर आए।
परीक्षार्थियों को बस स्टैंड पहुंचने के बाद भी शटल बस सेवा के माध्यम से केंद्रों तक पहुंचाया गया तथा वापस बस स्टैंड पर छोड़ा गया। जहां से उन्हें संबंधित रूट की बसों में बैठने की व्यवस्था की गई। उपायुक्त डॉ. जयकृष्ण आभीर दिनभर पल-पल की अपडेट लेते रहे। वहीं इस परीक्षा की ओवर ऑल इंचार्ज एवं अतिरिक्त उपायुक्त वैशाली सिंह लगातार संबंधित एजेंसी के संपर्क में रहकर परीक्षाओं को सुचारू रूप से चलाने में जुटी रही। उपायुक्त डॉ जयकृष्ण आभीर ने बताया कि जो परीक्षार्थी अपने वाहनों से आ रहे हैं तथा वे रुकना चाहते हैं उनके लिए जिला की धर्मशाला तथा होटलों में रहने के लिए नंबर जारी किए गए हैं। इसी प्रकार सेंटर में पहुंचने के लिए मैप भी जारी किया गया है ताकि परीक्षार्थियों को कोई परेशानी ना हो। उन्होंने बताया कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा जो भी लॉजिस्टिक सहायता मांगी गई है वह जिला प्रशासन ने पूरी की है। जिला के अधिकारी लॉजिस्टिक सहायता देने में पूरी तरह से लगे हुए है।