संवाद न्यूज एजेंसी
कनीना। हरियाणा उदय कार्यक्रम के तहत वीरवार को खंड कनीना के गांव भोजावास के आंबेडकर भवन में जिला प्रशासन की ओर से जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए स्टॉल में 140 नागरिकों ने स्वास्थ्य लाभ उठाया। आयुष विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल पर 200 नागरिकों ने स्वास्थ्य जांच करवाई। दोनों ही स्टॉल पर नागरिकों को निशुल्क दवाई भी वितरित की गई।
जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन व सरकार का उद्देश्य है कि ग्रामीणों के बीच जाकर सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाए और लोगों को इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिया जाए। इसी कड़ी में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर मौके पर ही सरकारी योजनाओं औरसेवाओं का लाभ दिया। ग्रामीण महिलाओं ने उपायुक्त का फूल बरसाकर हरियाणवी गीतों के साथ स्वागत किया।
सरकार और प्रशासन का प्रयास है कि लोगों को सरकार की योजनाओं का निर्बाध रूप से लाभ मिले। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा लगभग 485 सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनका लाभ लेने के लिए ग्रामीणों को गांव से बाहर जाने की जरूरत नहीं है। उपायुक्त ने कहा कि सरकार द्वारा इस नियम के माध्यम से जरूरी सेवाएं अधिसूचित की गई हैं।
अब हर काम का दिन निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम के दौरान सूचना, जनसंपर्क, भाषा, संस्कृति विभाग के कलाकारों ने भजनों के माध्यम से सरकार की नीतियों का बखान किया।हरियाणा पुलिस द्वारा रोड सेफ्टी को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए भी स्टॉल लगाया गया।
उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने संवाद कार्यक्रम में गांव भोजावास के जोगेंद्र के पांच वर्षीय बच्चा, जो बचपन से सुन नहीं सकता, उसका निशुल्क इलाज करवाने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन एवं रेडक्रॉस सोसाइटी और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से जो बच्चे बोल और सुन नहीं सकते, ऐसे बच्चों का निशुल्क ऑपरेशन करवाया जाएगा ताकि उन बच्चों को श्रवण वाणी यंत्र (कॉकलियर इंप्लांट) लगाए जा सकें, जिससे वे भी अन्य बच्चों की तरह बोल और सुन सकें।
उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने जन संवाद कार्यक्रम में घोषणा की कि जिला महेंद्रगढ़ के लिए एक करोड़ रुपये की ग्रांट आई है। अब रेडक्रॉस के माध्यम से सभी दिव्यांगों को ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर व अन्य सहायक उपकरण दिए जाएंगे।
इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त वैशाली सिंह, एसडीएम सुरेंद्र कुमार, जीएम रोडवेज नवीन शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित शर्मा, डीडीपीओ आशीष मान, जिला कार्यक्रम अधिकारी संगीता यादव, जिला आयुर्वेद अधिकारी डाॅ. अजीत सिंह, गांव की सरपंच ओमलता सहित अनेक लोक मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेलों की तरह सभी विभागों द्वारा स्टाॅल लगाए गए हैं। इनमें मुख्य रूप से बागवानी विभाग, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ,आयुष विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, रेड क्रॉस सोसाइटी, हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, बाल कल्याण परिषद, पशुपालन एवं डेयरी, हरियाणा डेयरी डेवलपमेंट, हरियाणा श्रम विभाग, स्वास्थ्य विभाग, सिटीजन रिसोर्स इनफॉरमेशन विभाग, खेल कार्यालय विभाग, एमएसएमई, हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम, हरियाणा पिछड़ा वर्ग कल्याण निगम, रोजगार विभाग तथा महिला विकास निगम शामिल हैं।