हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय(हकेंवि) में बीवॉक रिटेल एंड लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट की छात्रा अमरीशा प्रिया को फ्रांस की कंपनी डिकेथलॉन रिटेल में रोजगार का अवसर प्राप्त हुआ है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने कहा कि आज के दौर में जहां नौकरी के लिए प्रतिस्पर्धा बढ़ती जा रही है ऐसे में कौशल विकास पर आधारित बीवॉक रिटेल एंड लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट डिग्री प्रोग्राम विद्यार्थियों को प्रोफेशनल बनाने के साथ-साथ रोजगार के अवसर प्रदान कर रहा है। विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय शिक्षा के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए विश्वविद्यालय प्रयासरत है।
विश्वविद्यालय के व्यवसायिक अध्ययन और कौशल विकास विभाग के अध्यक्ष प्रो. पवन कुमार मौर्य ने कहा कि बीवॉक रिटेल एंड लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट अपने नवीनतम पाठ्यक्रम के द्वारा दिए गए व्यवहारिक ज्ञान से विद्यार्थियों को प्रोफेशनल बनाने में बेहतरीन भूमिका निभा रहा है। यह विभाग द्वारा की गई कड़ी मेहनत व अच्छी शिक्षा का ही नतीजा है कि विद्यार्थियों का स्नातक करते ही रोजगार के लिए चयन हो रहा है। रिटेल एंड लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट के समन्वयक डॉ. सुयश मिश्रा ने बताया कि विभाग द्वारा विद्यार्थियों का पंजीकरण होते ही उनके लिए अगले तीन वर्षों की योजना बना ली जाती है।