हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय(हंकेवि) हिसार में चल रहे आल इंडिया वीसी कप-2022 के अंतर्गत आयोजित रोमांचक मुकाबले में हकेंवि महेंद्रगढ़ की क्रिकेट टीम ने पंजाबी विश्वविद्यालय पटियाल की टीम ने छह विकेट से मात दी। इतना ही नहीं सबसे अधिक रनों का पीछा करते हुए जीत का रिकार्ड भी हकेंवि टीम के नाम रहा। पंजाबी विश्वविद्यालय पटियाला आल इंडिया वीसी कप-2021 की उप विजेता भी रही थी। हकेंवि के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने कहा कि ऐसे ही आयोजनों में विश्वविद्यालय में उपस्थित प्रतिभागियों को रोजमर्रा के कार्यों से इतर अपने कौशल के प्रदर्शन का अवसर मिलता है।
बता दें कि पंजाबी विश्वविद्यालय पटियाला व हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय महेंद्रगढ़ के बीच वीरवार को हुए मैच में मैन ऑफ द मैच का खिताब मनोज बिष्ट को मिला, जिन्होंने 33 गेंदों पर 40 रनों की शानदार पारी खेली। इसमें 6 चौके शामिल रहे। इसी तरह मनोज ने 4 ओवर में 23 रन देकर विपक्षी टीम के दो विकेट भी चटकाए। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय की टीम पहली बार इस प्रतियोगिता में भाग ले रही है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार ने कहा कि यह जीत पूरे विश्वविद्यालय की जीत है और भविष्य में भी इस तरह के प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए स्टाफ को प्रोत्साहित किया जाएगा।