आसमान में छाए बादलों को देखकर तेजी से उठान कार्य में जुटे मजदूर।
नारनौल। मौसम विभाग के पूर्व अनुमान अनुसार सोमवार को क्षेत्र में मौसम ने एक बार फिर से करवट ली। इसके चलते तेज हवाओं के साथ क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम गति की बारिश दर्ज की गई। वहीं नांगल चौधरी के गांव नौरंगपुरा में ओलावृष्टि हुई। नारनौल में 5.0 मिलीमीटर और अटेली, नांगल चौधरी, कनीना में केवल हल्की बारिश बूंदाबांदी की गतिविधियां दर्ज की गई। इससे मौसम सुहावना बन गया और दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। सोमवार को नारनौल का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में एक ही दिन में 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई। वहीं न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि वर्तमान परिदृश्य में उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान व आसपास के क्षेत्र के ऊपर एक प्रेरित परिसंचरण तंत्र बना हुआ है। जिसके असर से संपूर्ण इलाके पर बादलवाही देखने को मिल रही है। सोमवार दोपहर बाद जिले में तेज गति की हवाओं के साथ बिखराव में हल्की बारिश देखने को मिली। जबकि नांगल चौधरी क्षेत्र में ओलावृष्टि भी हुई। आने वाले दो दिनों तक तेज हवाएं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और एक दो स्थानों पर ओलावृष्टि की होने की संभावना है। जैसे ही यह मौसम प्रणाली आगे निकल जाएगी एक बार हवाओं की दिशा उत्तरी होने से इलाके में 3-5 डिग्री तापमान में गिरावट दर्ज होगी। साथ ही एक नया ताजा कमजोर पश्चिमी विक्षोभ 19 अक्तूबर को सक्रिय होने से एक बार फिर सीमित स्थानों पर ही मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
बदलते मौसम के चलते मंडियों में उठान प्रक्रिया हुई तेज
मौसम विभाग के आगामी दिनों में बारिश की चेतावनी के बाद खरीद एजेंसी ने मंडियों में खुले में रखे बाजरे का उठान कार्य तेज कर दिया है। हालांकि सोमवार को शहर में हल्की बूंदाबांदी ही देखने को मिली, लेकिन मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बारिश की संभावना जताई है। इसके चलते कर्मचारी देर सायं तक मंडियों में उठान कार्य में लगे रहे। विभागीय अधिकारियों की माने तो मंडियों में 90 प्रतिशत से अधिक उठान हो चुका है। एक-दो दिन में बचे हुए बैगों का उठान भी कर लिया जाएगा।