खिलाड़ी रवि को मैन ऑफ दा मैच के खिताब से सम्मानित करते कमेटी के सदस्य।
महेंद्रगढ़। बीजेआरडी क्रिकेट महाकुंभ में बुधवार को ग्रुप एक के मुकाबले हुए। घने कोहरे के चलते देरी से मुकाबले शुरू हो पाए। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला द्रौणाचार्य क्रिकेट एकेडमी गुरुग्राम व अमृतसर पंजाब के बीच हुआ। टॉस जीतकर गुरुग्राम ने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। अमृतसर 12 ओवरों में नौ विकेट खोकर महज 67 रन बना सकी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुरूग्राम की टीम ने महज 4.7 ओवर में ही बिना कोई विकेट गंवाए यह मुकाबला 9 विकेट से जीत लिया। इस मुकाबले में गुरुग्राम की ओर से रवि कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 ओवरों में महज चार रन देकर 4 विकेट लिए।
प्रतियोगिता का दूसरा मुकाबला झुंझुनू व झज्जर के बीच हुआ जिसमें झुंझुनू ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 110 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी झज्जर की टीम निर्धारित 12 ओवरों में 8 विकेट खोकर महज 74 रन बना पाई। झुंझुनू की टीम 36 रनों से मुकाबला जीत गई तथा मैन ऑफ दा मैच रहे विनय चौधरी ने तीन ओवरों में 22 रन देकर चार विकेट लिए।
वहीं बुधवार को ग्रुप ए के अंतिम मुकाबले में झुंझुनू ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 9 विकेट खोकर 90 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुरुग्राम की टीम ने एक विकेट से यह मुकाबला जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इस मुकाबले में रवि कुमार ने तीन ओवरों में तीन विकेट लिए।
क्रिकेट प्रबंधक बिरेंद्र सिंह व संदीप फौजी ने बताया कि वीरवार को दादरी, हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय जाट-पाली महेंद्रगढ़, हरियाणा क्रिकेट एकेडमी व सीएल क्रिकेट एकेडमी की टीमों के बीच मुकाबले होंगे। इस अवसर पर मंदिर कमेटी प्रधान भंवर सिंह, उप प्रधान सुबेदार रामौतार, बिरेंद्र सिंह तंवर, राजेश गोयल, संदीप फौजी, राजकुमार, विजय सिंह, अनिल, पंकज, सुनील, सुमित उपस्थित रहे।