नारनौल। सिंचाई विभाग हरियाणा ने अटल भूजल योजना के तहत नांगल चौधरी हलका की 18 महत्वपूर्ण योजनाओं को स्वीकृति दी है। इसमें मुख्य रूप से नांगल नूनियां के बांध को नहर से जोड़ना, दताल गांव में जल भंडारण, ढाणी मांझीयां एवं आकोली में नए जोहड़ खोदकर नहर से जोड़ना, रघुनाथपुरा गांव के बारादरी जोहड़ की खुदाई, नांगल पीपा नदी में कच्चा जोहड़ खुदवाना, अकबरपुर ग्राम के जोहड़ को नहर से जोड़ना एवं बदोपुर, ढाणी प्रेमा आदि गांवों की अन्य कई महत्वपूर्ण योजनाएं इसमें सम्मिलित हैं।
नांगल चौधरी के विधायक डॉ. अभय सिंह यादव ने बताया कि हरियाणा सरकार समस्त महेंद्रगढ़ जिले की जल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पिछले 9 साल से लगातार काम कर रही है तथा इसके अभूतपूर्व रूप से सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। जहां-जहां भी भूजल रिचार्ज की व्यवस्था की गई है, वहां भूमिगत जल में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। इससे जिले के 200 से अधिक गांवों की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण सुधार हुआ है।