चरखी दादरी। मनी ट्रांसफर का काम करने वाले एक युवक को साइबर अपराधी ने 11380 रुपये की चपत लगा दी। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सौंप निवासी मनजीत ने बताया कि उसकी गांव में मनी ट्रांसफर की दुकान है। वो ऑनलाइन रुपये भेजने पर कमिशन लेता है। एक नवंबर की शाम करीब 5 बजे उसके पास एक नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले शख्स ने कहा कि तुम्हारे फोन-पे नंबर पर रुपये डाल रहा हूं, इन्हें कमीशन काटकर दूसरे खाते में डाल देना। इसके बाद आरोपी ने मनजीत के पास 5000 और 6500 रुपये भेजने के टैक्सट मैसेज भेज दिए।
मनजीत ने बताया कि इसके बाद उसने उक्त शख्स द्वारा बताए गए खाते में अपने खाते से 4950 और 6430 रुपये डाल दिए। इसके बाद जब उसने खाता चेक किया तो उक्त शख्स द्वारा कही गई रुपये डालने की बात झूठी पाई गई। इसके बाद मनजीत ने दादरी साइबर थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने उसकी शिकायत पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।