फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नारनौल की छोरियां अब चूल्हा-चौका छोड़ उड़ाएंगी हवाई जहाज : नैना चौटाला

Mon, 24 Jul 2023 01:09 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, महेंद्रगढ़/नारनौल
विज्ञापन
गांव नायन में हरी चुनरी चौपाल जनसभा को संबो​धित करतीं नैना चौटाला। संवाद
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन


नांगल चौधरी। बाढड़ा से विधायक नैना सिंह चौटाला ने कहा कि उपमुख्यमंत्री की बदौलत अब नारनौल की हवाई पट्टी पर पायलट प्रशिक्षण केंद्र शुरू हो गया है, जहां इस क्षेत्र की लड़कियां प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पायलट प्रशिक्षण प्राप्त कर नारनौल जिले की छोरियां अब चूल्हा-चौका छोड़ हवाई जहाज उड़ाया करेंगी। वह रविवार को नांगल चौधरी विधानसभा के गांव नायन में आयोजित हरी चुनरी चौपाल कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं।
नैना सिंह चौटाला ने कहा कि आज प्रदेश के हर दूसरे गांव में महिला सरपंच का होना दुष्यंत चौटाला की देन है। प्रदेश के प्रत्येक गांव के हर दूसरे वार्ड में हमारी एक बहन-माता पंच है। इसी तरह जिला परिषद और ब्लॉक समिति के सदस्यों में भी आधी संख्या महिलाओं की है। नैना चौटाला ने कहा कि उपमुख्यमंत्री ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए राशन डिपो में 33 प्रतिशत का आरक्षण महिलाओं को दिया है। उपमुख्यमंत्री के प्रयासों से प्रदेश का एक बड़ा लॉजिस्टिक हब जल्द ही नांगल चौधरी में स्थापित होने जा रहा है, जिससे इस क्षेत्र के युवाओं को रोजगार उपलब्ध होंगे।
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने हरी चुनरी चौपाल कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं को आर्थिक, राजनीतिक, सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रदेश की मातृ शक्ति से किए वादों को पूरा किया है। उपमुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार में सहभागी बनकर नारी सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए अनेक लाभकारी योजनाओं को लागू करवाया है।
इसलिए हम सब महिलाओं का कर्तव्य है कि संगठित होकर आने वाले समय में जजपा को और अधिक मजबूती प्रदान करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नांगल चौधरी की इस पावन धरती से डाॅ. अजय सिंह चौटाला ने पदयात्रा की शुरुआत की थी और आज यहीं से हरी चुनरी चौपाल के द्वितीय चरण का शुभारंभ किया जा रहा है।

विधायक चौटाला ने कहा कि प्रदेश की गठबंधन सरकार ने कॉलेजों में पढ़ने वाली बेटियों को निशुल्क बस पास उपलब्ध करवाए। ग्रामीण आजीविका मिशन और महिलाओं के सेल्फ हेल्प ग्रुप के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूती प्रदान की गई है।
विज्ञापन

पंचायती राज संस्थाओं में बेहतरीन कार्य करने वाली प्रदेश की 100 पंच, सरपंच और मेंबर महिला जनप्रतिनिधियों को स्कूटी देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में खादी ग्रामोद्योग बोर्ड चेयरमैन राजेंद्र लितानी, महिला प्रकोष्ठ प्रदेशाध्यक्ष शीला भ्याण, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कंवर सिंह कलवाड़ी, नप चेयरपर्सन कमलेश सैनी, तेजप्रकाश एडवोकेट, जिलाध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, जिला प्रवक्ता सिकंदर गहली, सुविधा शास्त्री, कार्यक्रम आयोजक सावित्री गुर्जर, उपजिला प्रमुख भीम सिंह मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें