महेंद्रगढ़। कंस्ट्रक्शन का काम दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 20 लाख 70 हजार रुपये धोखाधड़ी करने पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव जावा निवासी विष्णु यादव ने बताया कि वह भारतीय मजदूर संघ की ईकाई में भवन निर्माण का जिला अध्यक्ष है। वह श्री श्याम कॉम्प्लैक्स में किराए की दुकान में असंगठित क्षेत्र के मजदूर का पंजीकरण करने का कार्य करता है।
उसने गत दिसंबर माह के दौरान रसुलपुर निवासी हंसराज विद्रोही के कहने पर प्रदीप कुमार निवासी मयूर विहार रामपुर रेवाड़ी व दीपक निवास नंगली तहसील बवाल जिला रेवाड़ी को 19 लाख 80 हजार रुपये नकद व 30 हजार रुपये प्रदीप के अकाउंट में व 60 हजार रुपये दीपक के खाते में डाले हैं।
इन लोगों ने उसे लेबर का काम देने व कंस्ट्रक्शन का कार्य देने के लिए दिए थे। काफी दिन आश्वासन देने के बाद न तो उसके चेक वापस मिले और न ही राशि मिली। अब उन लोगों ने रुपये देने से मना कर दिया है। मांगने पर आरोपियों द्वारा उसे धमकी दी जा रही है। शहर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।