कनीना। गांव बवाना स्थित ज्वेलर्स की दुकान में सेंधमारी कर सोने चांदी आभूषण चोरी के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को काबू किया है। पुलिस ने रिमांड के बाद चोरी किया गया सामान भी आरोपियों से बरामद कर लिया है।
आरोपियों से चांदी की अंगूठियां, एक पैकेट टूटी हुई चांदी, एक जोड़ी चांदी की पायल अन्य सामान के साथ-साथ वारदात को अंजाम देने में प्रयोग किया गया सामान कुल्हाड़ी, लोहे की रॉड, एक बाइक और एक स्कूटी भी बरामद की गई है। चारों आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पड़ोसी ने दी थी दुकानदार को सूचना
थाना सदर कनीना प्रबंधक निरीक्षक संतोष ने बताया कि झगड़ोली निवासी लक्खीराम सोनी ने पुलिस को शिकायत देते हुए बताया था कि गांव बवाना स्थित उसकी ज्वेलरी की दुकान में 29 दिसंबर की रात को सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। उसकी दुकान के पड़ोस में रहने वाले ने फोन करके बताया कि आपके दुकान की लाइट जली हुई है और कुछ लड़के दुकान से बैग और चादर की गठड़ी लेकर भागते दिखाई दिए हैं। शिकायतकर्ता ने तुरंत दुकान पर पहुंचकर देखा तो दुकान के शटर के दोनों ताले टूटे हुए थे तथा सामान बिखरा हुआ था। एसपी विक्रांत भूषण ने मामले को संज्ञान में लेते हुए थाना पुलिस और सीआईए टीमों को सख्त निर्देश दिए कि आरोपियों को जल्द पकड़कर सख्त कार्रवाई की जाए। थाना सदर कनीना की पुलिस टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ में सामान बरामद कर लिया है।