महेंद्रगढ़। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विवाह-शादी के सीजन के चलते मिलावट कर लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ शिकंजा कसते हुए मंगलवार को महेंद्रगढ़ के गांव भगड़ाना में एक गाेदाम पर छापा मारा। इस दौरान 500 किलोग्राम खोये तथा 40 किलोग्राम पनीर का भंडार मिला। टीम द्वारा खोया व पनीर के सैंपल लेकर लैब में जांच के लिए भेजे गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. दीपक चौधरी के नेतृत्व में मंगलवार को टीम गांव भगड़ाना में माजरा रोड पर बने एक गोदाम में छापेमारी की गई। इस दौरान टीम ने गोदाम में भंडारण किए गए 500 किलोग्राम खोये तथा 40 किलोग्राम पनीर के सैंपल लिए। साथ ही गोदाम संचालक से पूछताछ की गई।
डॉ. दीपक चौधरी ने बताया कि उन्हें लगातार शिकायत मिल रही थी कि महेंद्रगढ़ क्षेत्र में विवाह-शादी के सीजन के चलते मिलावट का खेल चल रहा है। टीम द्वारा खोया व पनीर के सैंपल लिए गए। सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद विभागीय नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। छापेमारी का यह अभियान जिले में लगातार जारी रहेगा। मिलावट खोरी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।