नारनौल। खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी दीपक चौधरी ने मंगलवार की शाम को शहर के दो बड़े स्टोर पर छापेमारी कर गुड़ के सैंपल भरे हैं। अभी इन दोनों सैंपलों को लैब में भेजा जाएगा। सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई हो पाएगी। इससे पहले दिवाली के समय जिले के अंदर विभिन्न दुकानों से लिए गए खाद्य वस्तुओं के सैंपल फेल आए हैं उनके खिलाफ विभाग की ओर से मामला दर्ज करवा दिया गया है।
बता दें कि जनवरी में मकान संक्रांति एवं लोहड़ी का त्योहार है। इस त्योहार पर मूंगफली एवं गुड़ से बनी गजक की काफी डिमांड रहती है। दूसरा लोग सर्दी में खाना खाने के बाद या साथ गुड़ अवश्य लेते हैं। ऐसे में सर्दी के अंदर गुड़ की काफी मांग रहती है। इस वजह से गुड़ में मिलावट चल रही है। खाद्य एवं सुरक्षा विभाग को बार-बार गुड़ में मिलावट की शिकायत मिल रही है। ऐसे में मंगलवार की शाम खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी दीपक चौधरी ने नगर परिषद कार्यालय के पास आईबा सुपर स्टोर तथा होंडा चौक स्थित युवराज बिग बाजार पर जाकर छापा मारा। वहां पर उन्होंने गुड़ के सैंपल भरे हैं। इन सैंपलों को जांच के लिए लैब में भेजे जाएंगे।
आठ के खिलाफ करवाया मामला दर्ज
दीपक चौधरी ने बताया कि दिवाली के समय खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए थे। इनमें आठ सैंपल पनीर, खोवा, तेल तथा अन्य सामान का सैंपल फेल आया था। इनमें दो महेंद्रगढ़, दो कनीना, एक अटेली तथा तीन नारनौल के दुकानदार शामिल हैं। सभी के खिलाफ मामला दर्ज करवा दिया गया है।