फोटो- 16 निजामपुर के विभिन्न गांवों में पैदल फ्लैग मार्च निकालती पुलिस। स्त्रोत- पुलिस
नारनौल/निजामपुर। विधानसभा चुनाव से पहले मतदाताओं के बीच सुरक्षा, विश्वास की भावना पैदा करने के लिए पुलिस और सीएपीएफ के जवानों ने नारनौल और निजामपुर के विभिन्न गांवों में पैदल फ्लैग मार्च किया। वहीं नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की। फ्लैग मार्च समाज में सुरक्षा और सद्भाव की भावना पैदा करने, स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र प्रभुत्व अभ्यास का एक हिस्सा है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकालकर आमजन से भयमुक्त मतदान करने की अपील की जा रही है। साथ ही नाकाबंदी कर वाहनों व संदिग्धों की गहनता से जांच की जा रही है। शुक्रवार को पुलिस ने सीएपीएफ के जवानों के साथ नारनौल व निजामपुर के विभिन्न गांवों में फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस द्वारा निजामपुर के गांव नांगल दर्गू, गंगूताना, गोलवा, मुसनौता, रावता की ढाणी, बायल, पांचनोता, मोखुता, बामनवास नौ, निजामपुर व अन्य गांवों में फ्लैग मार्च निकाला गया। साथ ही फैजाबाद, सिहमा, मंढाणा, सेका व अन्य स्थानों पर नाकाबंदी कर जांच की गई।