कनीना में ज्वेलर्स के संचालक बाल किशन सोनी पुलिस को जानकारी देते।
कनीना। तीन नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े पिस्तौल के बल पर ज्वेलर्स शोरूम में लूट का प्रयास किया। शहर थाने से महज 30 मीटर दूरी होने के बावजूद भी पुलिस को सूचना मिलने के बाद घटना स्थल पर पहुंचने में 15 मिनट का समय लग गया, जिसके चलते बदमाश मौके से फरार हो गए।
सोमवार को कनीना पावर हाउस के नजदीक स्थित नरेश ज्वलेर्स के शोरूम पर तीन बाइक सवार नकाबपोश बदमाश 12:10 बजे शोरूम में घुसे। इस दौरान बाइक सवार एक बदमाश शोरूम के बाहर खड़ा हो गया, जबकि दो बदमाश पिस्तौल लहराते हुए शोरूम में घुसे। शोरूम में घुसते ही दोनों बदमाशों ने शोरूम संचालक बालकिशन सोनी के सिर पर पिस्तौल तानकर पैसा व अलमारी की चाबी मांगी। मना करने पर एक बदमाश ने हवाई फायर कर दिया तथा दूसरे ने सिर पर पिस्तौल तान दी। फायर का शोर सुनकर आसपास के लोग भी शोरूम की ओर दौड़े तो बदमाशों के हौसले टूट गए तथा वह बाइक पर सवार होकर कनीना मंडी तिराहे की और भाग गए। इसी दौरान जब ग्राहक लक्ष्मण एवं मंजू भी शोरूम में थे। जब लक्ष्मण ने निकलने का प्रयास किया तो बदमाशों ने धक्का देकर शोरूम के अंदर कर दिया।
चाबी देने से मना किया तो कर दिए हवाई फायर
नरेश ज्वेलर्स के संचालक बालकिशन सोनी ने बताया कि एक बाइक पर तीन लोग सवार होकर आए थे। इनमें से दो शोरूम में घुस गए तथा एक बाइक पर बैठा रहा। शोरूम में घुसते ही दोनों ने पिस्तौल तानकर उससे अलमारी की चाबी एवं पैसा मांगा। जब उसने मना किया तो एक ने हवाई फायर कर दिया, जिसके कारण आसपास के लोग भी उधर दौड़े तो बदमाश वहां से भाग गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई लेकिन पुलिस करीब 15 मिनट बाद पहुंची तथा शोरूम संचालक से पूछताछ कर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली।
शोरूम संचालक की शिकायत पर अज्ञात तीन के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस टीम ने सीसीटीवी व अन्य प्रकार की जांच की है। मौके से एक खाली खोल बरामद किया गया है। पुलिस इस मामले में तेजी से जांच कर रही है जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
-सुधीर कुमार, शहर थाना प्रभारी कनीना।