महेंद्रगढ़। गांव दुलोठ एवं निंबी के बीच बुधवार की रात्रि को एक चलते ट्रक में अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। आग लग जाने से गाड़ी के जरूरी दस्तावेज और आगे की बॉडी जलकर राख हो गई। नरेश कुमार पुत्र होशियार सिंह निवास गांव सुल्ताना जिला झुंझूनु ने बताया कि उसकी गाड़ी में रिफाइंड तेल भरा हुआ था। वह गाड़ी को गांधी धाम गुजरात से करनाल लेकर जा रहा था। गाड़ी जिला चुरू के गांव राव ताल निवासी महेंद्र सिंह चला रहा था। बुधवार की रात्रि करीब 2.30 बजे दुलोठ निंबी के बीच कंडेक्टर साइड से गाड़ी में धुआं निकलने लगा। इसके बाद गाड़ी में तेजी से आग फैल गई। ड्राइवर ने गाड़ी से कूद कर अपनी जान बचाई। किसी राहगीर ने फायर बिग्रेड को फोन किया। इसके बाद लगभग दो घंटे के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक गाड़ी का केबिन, इंजन, मोबाइल, गाड़ी के कागज तथा लोड माल के कागज जलकर राख हो चुका था। पुलिस ने मामले की जांच कर नरेश कुमार के बयान पर इतेफाकिया कार्रवाई की है।