सतनाली। सतनाली-लोहारू रोड पर स्थित झुग्गी-झोंपड़ी में आग लगने से प्रवासी मजदूरों 1.35 हजार रुपये की नकदी व सोने-चांदी के आभूषणों सहित कपास व अन्य सामान जल गया। वीरवार शाम चार बजे झुग्गीमें आग उस समय लगी जब एक महिला गैस सिलिंडर पर चाय बना रही थी। हालांकि आग से कोई जनहानी नहीं हुई।
ग्रामीणों व झुग्गी निवासी लोगों ने आग की सूचना दमकल विभाग व 112 पर कॉल करके दी। सूचना के बाद मौके पर जब तक दमकल विभाग की गाड़ी पहुंची तब तक सामान व झुग्गी जलकर राख हो चुकी थी। ग्रामीणों व प्रवासी मजदूरों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन काबू नहीं पाया जा सका। गांव नहरावली तहसील बल्लभगढ़ जिला फरीदाबाद निवासी पीड़ित नजीर अहमद ने बताया कि वह कई वर्षों से सतनाली में झुग्गी बनाकर रह रहे हैं तथा मजदूरी करते हैं। वीरवार शाम चार बजे के लगभग गैस पर चाय बनाते समय उठी चिंगारी के कारण झुग्गी में आग लग गई। आग लगने से एक लाख 35 हजार की नकदी, कपड़े, सोने-चांदी के आभूषण, अनाज व कपास, बाइक, प्लास्टिक की टंकी, दस्तावेज सहित नजदीक रखे एल्यूमिनियम व प्लास्टिक के पाइप जलकर राख हो गए। वहीं दमकल विभाग के उप केंद्र अधिकारी विकास कुमार ने बताया कि सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया गया।