नारनौल। नारनौल-सिंघाना मार्ग पर रघुनाथपुरा की पहाड़ी में बुधवार को आग लग गई। इस दौरान तेज हवा चलने और सूखी घास की वजह से आग ने जल्द ही विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
रघुनाथपुरा की पहाड़ी पर आग लगने की सूचना मिलते ही सिटी एसएचओ सहित अनेक पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। सिटी एसएचओ ने बताया कि आगजनी से ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है।
बुधवार को दोपहर करीब एक बजे सड़क किनारे आग लगी हुई थी। सूचना आसपास के लोगों ने दमकल केंद्र को दी थी। जब तक दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और वहां पड़ा ईंधन (लकड़ी व अन्य सामान) जलकर राख हो गया। इसके बाद पहाड़ी की तरफ सूखी घास में आग ने विकराल रूप ले लिया और तेजी से पहाड़ी की तरफ आग बढ़नी शुरू हो गई।
दमकल कर्मियों को पहाड़ी की चोटी पर आग बुझाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पहाड़ी की चोटी तक दमकल गाड़ी का पाइप नहीं पहुंच रहा था। इसके बाद भी दमकल कर्मियों ने हिम्मत नहीं हारी और 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लिया।
रघुनाथपुरा की पहाड़ी पर खड़े हरे पेड़ भी इस आग से झुलस गए। वहीं छोटे मोटे अनेक जीव भी काल के ग्रास बन गए। सूखी घास होने की वजह से आग तेजी से बढ़ रही थी।
ग्रामीण ने दमकल गाड़ी देरी से आने का लगाया आरोप
रघुनाथपुरा निवासी सुनील ने दमकल केंद्र व प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उसने आग लगने की जानकारी दमकल केंद्र को समय पर दी थी। लेकिन काफी देर तक गाड़ी नहीं पहुंची और न ही प्रशासन की तरफ से कोई आया। सुनील ने बताया कि उनका ईंधन जलकर राख हो गया। अगर समय पर दमकल गाड़ी आ जाती तो आग इतना विकराल रूप धारण नहीं करती और उनका ईंधन जलने से बच जाता।
आग की सूचना मिलते ही तीन दमकल गाड़ी मौके पर भेज दी थी। सूखी घास होने की वजह से आग तेजी फैल गई। जिस पर दमकल कर्मियों ने करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
राजबीर सिंह, दमकल अधिकारी नारनौल।