फोटो नंबर-09पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। स्त्रोत-पुलिस
नारनौल। जमीन बंटवारे के विवाद के चलते निजामपुर के गांव मारोली में करीब 28 वर्षीय मुकेश कुमार की रात्रि को सोते वक्त चारपाई पर धारदार हथियारों से वार कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर मृतक के पिता, मां एवं भाई के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले में कार्रवाई करते निजामपुर थाना की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी पहचान मारोली के रामस्वरूप और नरेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी नरेंद्र को न्यायिक हिरासत में भेज दिया और आरोपी रामस्वरूप को पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में मारोली की सरोज देवी ने बताया कि वह गांव में नया मकान बनवा रही थी। जमीन बंटवारे को लेकर उसके ससुर रामस्वरूप, देवर नरेंद्र व सास ग्यारसी देवी मकान बनाने से खुश नहीं थे। इसकी वजह से वह उसके पति के साथ लड़ाई-झगड़ा करते थे। वह बार-बार उसके पति को जान से मारने की धमकी देते थे। उसने अपने दाहिने पैर का ऑपरेशन करवाया हुआ था। सास-ससुर व देवर उससे झगड़ा करते थे, जिस कारण वह 20-25 दिन से अपने मायके गांव नानू वाली बावड़ी खेतड़ी राजस्थान चली गई थी। इस दौरान वह रोजाना अपने पति से फोन पर बात करती थी। 7 अक्तूबर की रात करीब 9 बजे तक उसकी फोन पर बातचीत हुई थी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि 8 अक्तूबर को उसके भाई संतोष कुमार के पास ताई सास का फोन आया और कहा कि आप जल्दी आ जाओ। जिस पर शिकायतकर्ता के भाई ने घर पहुंचकर देखा कि नए मकान के कमरे में चारपाई पर मुकेश लहूलुहान अवस्था में मृत पड़ा था। उसकी गर्दन व बाएं हाथ की हथेली को किसी तेजधार हथियार से काटा हुआ था। शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्हीं चोटों के कारण उसके पति मुकेश कुमार की मौत हुई। शिकायतकर्ता ने उसके ससुर रामस्वरूप, देवर नरेंद्र तथा सास ग्यारसी देवी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने जांच करते हुए दो को गिरफ्तार किया है।