कनीना। गांव दौंगड़ा जाट में बिजली करंट की चपेट में आने से किसान की मौत हो गई। बुधवार देर शाम किसान गेहूं की खेत में सिंचाई के लिए फव्वारा लाइन बदल रहा था। इसी दौरान हाथ में पाइप था तथा किसान का पैर फिसलने से संतुलन बिगड़ कर गिर गया जिसके कारण पाइप ऊपर से गुजर रही 11 हजार हाई वोल्टेज बिजली लाइन को छू गया। वीरवार को पुलिस ने परिजनों के बयान पर शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया। दौगड़ा जाट निवासी कृष्ण कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका 68 वर्षीय भाई शीशपाल बुधवार शाम को 6:30 बजे अपने गेहूं के खेत में फव्वारे से पानी दे रहा था। इस दौरान पाइप ले जाते समय अचानक उसका पैर फिसल गया। पैर फिसलने के कारण फव्वारे का पाइप खेत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली के तार से छू गया। शीशपाल को इससे बिजली का करंट लग गया। वहां मौजूद परिजनों ने उसे इलाज के लिए महेंद्रगढ़ के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।