नारनौल। जिले में एंबुलेंस तो हैं, लेकिन इन पर रहने वाले आपातकालीन चिकित्सा तकनीशियन (ईएमटी) की कमी ज्यादा है। 16 स्वास्थ्य केंद्रों में सिर्फ दो जगह ही ईएमटी तैनात हैं। एंबुलेंस चालक ही अस्पताल तक प्राथमिक चिकित्सा दे रहे हैं। इससे गंभीर रूप से घायल और बीमार मरीजों को सरकारी अस्पतालों तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई गंभीर रूप से घायल मरीज तो रास्ते में ही दम तोड़ रहे हैं।
20 दिन पहले ही मुख्यमंत्री उड़नदस्ता ने भी एंबुलेंस कंट्रोल रूम में रिकाॅर्ड को खंगाला था। निरीक्षण के दौरान एंबुलेंस कंट्रोल रूम के 4 कर्मी भी अनुपस्थित भी मिले थे। इसके बाद उप सिविल सर्जन की तरफ से उन कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा गया था। इस दौरान भी ईएमटी कर्मियों की कमी के बारे में मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम को अवगत करवाया गया था, लेकिन इसके बाद भी ईएमटी कर्मियों की कमी को दूर नहीं किया गया है।
ईएमटी कर्मियों की जल्द हो सकती है कमी दूर
जिले में एंबुलेंस तो ज्यादातर सीएचसी व पीएचसी पर तैनात है, लेकिन एंबुलेंस पर ईएमटी एक भी जगह तैनात नहीं हैं। ऐसे में एंबुलेंस चालक के सहारे ही गंभीर रूप से घायल मरीज को अस्पताल तक पहुंचाया जा रहा है। अब नए ईएमटी के लिए आवेदन मांगे जा रहे हैं। उम्मीद है कि जल्द ही ईएमटी एंबुलेंस पर तैनात कर दिए जाएंगे। नारनौल के नागरिक अस्पताल में 27 जून को मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने निरीक्षण किया था। इस दौरान एंबुलेंस में तो कोई खामी नहीं मिली थी, लेकिन ईएमटी की कमी जरूर सामने आई थी। इसकी वजह से रेफर मरीजों को ज्यादा परेशानी होती है।
महेंद्रगढ़ अस्पताल में तैनात एंबुलेंस पर नहीं एक भी ईएमटी
नारनौल और नांगल चौधरी के अस्पताल को छोड़ दिया जाए तो जिले के अन्य अस्पतालों में एक भी ईएमटी तैनात नहीं है। वहीं महेंद्रगढ़ के अस्पताल में मरीजों का भार भी अधिक है। वहां गंभीर रूप से घायल मरीजों को रोहतक पीजीआई के लिए रेफर किया जाता है। इसकी वजह से मरीजों के लिए यह लंबा सफर काफी दुखदायी रहता है।
अभी ईएमटी कर्मियों की कमी है। अब नए आवेदन मांगे जा रहे हैं। ऐसे में जल्द ही रिक्त पदों को भरा जाएगा। इससे मरीजों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। वहीं हाल ही में मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने छापेमारी की थी, तो चार कर्मी अनुपस्थित मिले थे, जिनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है।
डॉ. रमेशचंद्र आर्य, सिविल सर्जन नागरिक अस्पताल नारनौल।
जिले में एंबुलेंस व ईएमटी की संख्या
स्थान एंबुलेंस की संख्या ईएमटी
नारनौल 7 6
नांगल चौधरी 2 2
दोचाना 1 00
अटेली 2 00
कनीना 1 00
भोजावास 1 00
सीहमा 1 00
नांगल सिरोही 1 00
महेंद्रगढ़ 3 00
माधोगढ़ 1 00
सतनाली 1 00
रामपुरा 1 00
बाछौद 1 00
छिलरो 1 00
सेहलंग 2 00
मुंडिया खेड़ा 1 00
कोविड जांच के लिए 1 01