क्षेत्र में पिछले एक माह से किसानों के खेतों व ट्यूबवेलों से हो रही चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को काबू किया है। पुलिस ने फव्वारा नोजल चोरी करने व चोरी का सामान खरीदने वाले दोनों आरोपियों को काबू कर लिया है। आरोपियों से रिमांड के दौरान चोरी की आठ वारदातों का खुलासा हुआ और 135 फव्वारा नोजल व 150 मीटर चोरी की केबल बरामद हुई है। आरोपियों की पहचान राजेश निवासी ढाणी रापावली माधोगढ़ जिला नीमकाथाना राजस्थान और लियाकत हुसैन निवासी डारवा नगर थाना ओहाला जिला बरेली उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
बता दें कि पिछले एक माह से किसानों के 30 से अधिक गांवों के करीब 90 किसानों के खेतों से फव्वारा व ट्यूबवेलों से केबल चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक महज आठ वारदातों का ही खुलासा किया गया है।
-
आरोपी रात को देता था चोरी की वारदात को अंजाम, फोन भी रखता था बंद
आरोपी राजेश रात के समय क्षेत्र में किसानों के खेतों से चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। इस दौरान आरोपी अपने मोबाइल को भी बंद रखता था और महेंद्रगढ़ व अटेली रेलवे स्टेशनों पर ट्रेन पकड़कर चोरी के सामान को रेवाड़ी में कबाड़ी का काम करने वाले आरोपी लियाकत हुसैन को बेच देता था। रात के समय फोन बंद होने के कारण पुलिस टीमों की ओर से चोरी की गुत्थी सुलझाने में देरी हो रही थी। आरोपी राजेश को गत सोमवार बुचावास क्षेत्र से गिरफ्तार कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया था। रिमांड के दौरान आठ वारदातों का खुलासा हुआ और 150 फीट केबल और 135 नोजल बरामद हुई थी। बुधवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
दो रात में इन किसानों के खेतों से हुई थी चोरी
गांव बुचौली निवासी किसान जितेंद्र ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 30 अप्रैल और एक मई की रात को उसके खेत से से 35 नोजल व 200 फुट की केबल, विनोद कुमार की 15 नोजल व 100 फुट केबल, सुनील कुमार बुचौली के खेत से 20 नोजल, सत्यवीर सिह के खेत से 12 नोजल, शेर सिंह के ट्यूबवेल से 200 फीट केबल चोरी हो गई थी। साथ ही सतीश के खेत से 17 नोजल चोरी हुई थी।
-
वर्जन
किसानों के खेतों से बढ़ते चोरी के मामलों को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा की ओर से आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सख्त निर्देश दिए थे। सदर थाना महेंद्रगढ़ व सीआईए की टीमें लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही थी। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जिनसे आठ वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस इस मामले में तेजी से कार्रवाई कर रही है।
मोहम्मद जमाल, डीएसपी महेंद्रगढ़।