महेंद्रगढ़। विधान सभा महेंद्रगढ़ क्षेत्र में आने वाले दस गांवों के कनीना से महेंद्रगढ़ खंड में बदलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए दस गांवों की ग्राम पंचायतों ने प्रस्ताव पास कर बीडीपीओ को सौंप दिए गए हैं। खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय ने इनकी फाइल तैयार कर उपायुक्त को सौंप दी है। अब उपायुक्त कार्यालय से यह फाइल निदेशक पंचायत विकास विभाग चंडीगढ़ को भेजी जाएगी। वहां से मंजूरी मिलने के बाद इन गांवों को महेंद्रगढ़ खंड में जोड़ दिया जाएगा।
बवानिया, मुडायन, भालखी, गागडवास, बचीनी, नांगल हरनाथ, बूचावास, आनावास, सीगड़ा, सीगड़ी गांव लंबे समय से कनीना ब्लॉक से जुड़े हुए हैं। इसके लिए पंचायत विभाग एवं तहसील से संबंधित कार्याेंं के लिए लोगों को 15 से 20 किलोमीटर दूर कनीना जाना पड़ता था, जबकि इन गांवों से महेंद्रगढ़ की दूरी महज 10 किलोमीटर है। विकास एवं निगरानी समिति सदस्य संदीप मालड़ा ने बताया कि इन गांवों के सरपंचों ने मार्च 2023 में सांसद संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम के दौरान इन गांवों को महेंद्रगढ़ से जोड़ने के लिए सामूहिक मांगपत्र सौंपे थे। तीन माह बीत जाने पर भी जब इस पर कोई प्रक्रिया आरंभ नहीं हुई तो सांसद से दिल्ली निवास पर मुलाकात की। इस पर सांसद ने उपायुक्त को पत्र लिखा जिसे लेकर सरपंचों ने जिला उपायुक्त से मुलाकात की।
उपायुक्त कार्यालय की तरफ से 14 अगस्त को कनीना के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी को गांवों से जल्द ग्राम पंचायतों से रायशुमारी कर जवाब देने बारे पत्र लिखा। अक्तूबर माह में सभी गांवों के सरपंच के साथ कनीना ब्लॉक जाकर सभी पंचायतों के प्रस्ताव देकर आए थे। इस पर सकारात्मक कार्रवाई करते हुए कनीना के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी ने सभी संबंधित पंचायतों के प्रस्ताव साथ लगाकर जिला उपायुक्त को पत्र भेजा है कि ये सभी कनीना ब्लॉक से महेंद्रगढ़ ब्लॉक में जाना चाहते हैं। जिला उपायुक्त कार्यालय से तालमेल कर जल्द ही इस बारे फाइल चंडीगढ़ भिजवाने का प्रयास शुरू कर दिया है।