महेंद्रगढ़। शहर की श्री आदर्श रामलीला की ओर से ऑटो मार्केट के पीछे पुतला दहन किया गया। बुराई वअहंकार रूपी 45-45 फीट ऊंचे रावण, मेघनाद व कुंभकरण महज तीन मिनट में ही ढेर हो गए।
शनिवार को शहर की दोनों रामलीला में पुतलों का दहन किया गया। दोनों रामलीला में पुतला दहन को देखने के लिए 10 हजार से अधिक दर्शक उपस्थित रहे। सच्चाई स्वरूपी दो फीट का तीर लगते ही अहंकारी पुतले तीन मिनट में ही धराशायी हो गए।
श्री आदर्श रामलीला में ऑटो मार्केट के पीछे व परिषद की ओर से कन्या विद्यालय के मैदान में पुतलों का दहन किया गया। पूरे शहर में आतिशबाजी के साथ राम-रावण की सेनाओं में नौनिहालों ने शानदार अभिनय कर लोगों पर छाप छोड़ी। पुतलों के दहन से पूर्व रामलीला की ओर से घोड़ा-बग्गी, बैंड, रथ, डीजे व आतिशबाजी वाहनों के साथ भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। इस दौरान शहर के मुख्य चौक-चौराहों पर जाम की स्थिति भी बनी रही। दोनों मैदानों में दमकल वाहनों के साथ- साथ पुलिस टीम भी तैनात रही। श्री आदर्श रामलीला महेंद्रगढ़ मुख्यातिथि नवनिर्वाचित विधायक कंवर सिंह यादव और श्री रामलीला परिषद महेंद्रगढ़ में मुख्यातिथि राजेंद्र पाटोदिया थे।
विभिन्न प्रकार की चकरी व पाटाखे बने आकर्षण का केंद्र
पुतला दहन से पूर्व आतिशबाजी की गई, जिसमें तरह-तरह की चकरी व पटाखे लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। आयोजकाें द्वारा आतिशबाजी के लिए विशेष रूप से 15-20 प्रकार के पटाखे व चकरी लगवाई थी। दोनों ही संस्थाओं द्वारा हर वर्ष रामलीला का आयोजन किया जाता है।
10 हजार लोगों ने युद्ध का दृश्य देखा
पूरे शहर में करीब 10 हजार लोगों राम-रावण की सेनाओं के बीच युद्ध के दृश्य देखे। उसके बाद रावण, कुंभकरण व मेघनाद के पुतले का दहन के दृश्य देखे। श्री आदर्श रामलीला की ओर से शोभा यात्रा मोहल्ला सैनीपुरा से शुरू होकर 11 हट्टा बाजार, भगवान परशुराम चौक, सब्जी मंडी रोड, शंकर मार्केट, बालाजी चौक, विश्वकर्मा चौक, आंबेडकर चौक होते हुए ऑटो मार्केट के पीछे रावण दहन स्थल पर पहुंची। वहीं श्रीरामलीला परिषद की शोभा यात्रा परिषद प्रांगण से शुरु होकर सिनेमा रोड, बालाजी चौक, शंकर मार्केट, सब्जी मंडी, भगवान परशुराम चौक, मसानी चौक होते हुए प्राथमिक पाठशाला खेल ग्राउंड में पहुंची जहां पर रावण, कुंभकरण व मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया।