नारनौल। लघु सचिवालय के एनआईसी कार्यालय में शुक्रवार को अधिकारियों और कर्मचारियों को ई-ऑफिस का प्रशिक्षण दिया गया।
सीएमजीजीए कृतिश कुमार और जिला सूचना विज्ञान अधिकारी हरीश शर्मा की देखरेख में मास्टर ट्रेनर नितिश कुमार ने प्रशिक्षण दिया। इस दौरान जिला सूचना अधिकारी हरीश शर्मा ने कहा कि डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देने व पेपरलेस के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने सभी सरकारी कार्यालयों में ई-ऑफिस के माध्यम से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी सभी विभागों को ई-ऑफिस की ट्रेनिंग दी जा चुकी है। डीसी के निर्देशानुसार एक बार फिर सभी विभागों को दो चरणों में ई-ऑफिस की ट्रेनिंग दी जा रही है ताकि किसी विभाग को ई-ऑफिस के माध्यम से काम करने में किसी प्रकार की दिक्कत ना आए। उन्होंने बताया कि आज 11 विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को ई-ऑफिस का प्रशिक्षण दिया गया तथा बाकी बचे हुए विभागों को 11 जुलाई को ई-ऑफिस का प्रशिक्षण दिया जाएगा। सीएमजीजीए कृतिश कुमार ने बताया कि ई-ऑफिस की शुरुआत होने से जहां एक ओर समय की बचत होगी वहीं दूसरी ओर सरकारी कार्यों में पहले की अपेक्षा पारदर्शिता आएगी। नितीश यादव ने बताया कि ई-ऑफिस को इस्तेमाल करना बहुत सरल है। सभी विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी अपने विभाग संबंधी नोटिस, लेटर या सूचना आदि को अपलोड कर सकते हैं। ई-ऑफिस पर हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में कार्य किए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि हिंदी भाषा का इस्तेमाल करने के लिए एक सॉफ्टवेयर अलग से इंस्टॉल करना होगा जिसके बाद यूजर हिंदी भाषा का चयन करते हुए इसका इस्तेमाल कर सकेगा।