मंडी अटेली। डिप्टी स्पीकर संतोष यादव ने मंगलवार को गांव नीरपुर राजपुत में पानी के बोर, पानी निकासी तथा कालेज में 5 लाख की लागत से बने बरामदे का उद्घाटन किया। इस मौके पर संतोष यादव ने गांव नीरपुर और राजकीय महाविद्यालय अटेली में त्रिवेणी लगाकर पौध रोपण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने ग्रामीणों द्वारा रखी गई मांग आरो सिस्टम, शमशान घाट की चार दिवारी, आंगनबाड़ी केंद्र बनाने सहित अनेक मांगों को स्वीकार करते हुए इसे पूरा करने का आश्वासन दिया। वहीं उन्होंने गांव में व्यायामशाला खोलने की मांग को भी स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि गांव में पंचायत भूमि में सड़क के साथ लगती पंचायत भूमि है। इस पर आइटीआई बनाने का प्रयास किया जाएगा। इस बजट में भोजावास में आइटीआई बनावाई गई है। अगले बजट में नीरपुर में आईटीआई बनवाई जाएगी ताकी ग्रामीण युवाओं को टैक्नीकल डिप्लोमा के लिए दूर-दराज न जाना पड़े। इस मौके पर विस उपाध्यक्ष ने ग्रामीणों की समस्या भी सुनी और मौके पर उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को उनके समस्या के लिए निर्देश दिए। कालेज में चल रही सिलाई, कटाई मशीन व ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण के समापन पर छात्राओं को सिलाई मशीन वितरित की गई। कालेज प्राचार्य डॉ. आरडी कौशिक ने कहा कि अटेली महाविद्यालय में गर्मियों की छुट्टियों में प्रशिक्षण शिविर लगाकर छात्राओं को स्वावलंबी बनाने का प्रयास किया जाता है। इस मौके पर राजेंद्र यादव, विकास यादव, कर्मवीर बिहाली, सरपंच राहुल, जगपाल, ओमप्रकाश, कुलदीप यादव, प्रदीप सोनी, महेंद्र सिंह, नितिन, हिमांशु मान आदि रहे।