महेंद्रगढ़ क्षेत्र में लगातार बढ़ रही नशावृत्ति के चलते सामाजिक तानाबाना भी कमजोर होता जा रहा है। जिला में अगस्त 2021 से जुलाई 2022 तक नशे के कुल 40 मामले दर्ज हुए हैं तथा इनमें संलिप्त 60 अपराधियों को गिरफ्तार भी किया गया है। आरोपियों से पुलिस द्वारा कुल 224 किलोग्राम गांजा, सुल्फा, अफीम, डोडा पोस्त, चूरा पोस्त, स्मैक बरामद हुई है। वहीं अवैध शराब के भी 50 से अधिक मामले दर्ज हुए हैं। इनमें हजारों की संख्या में अवैध शराब भी बरामद हुई है। नशे के चलते रिस्तों में बिखराव की स्थिति भी बनी हुई है।
पारिवारिक रिश्तों में आती है बिखराव की स्थिति
पिछले एक वर्ष के दौरान महेंद्रगढ़ न्यायालय में रखे गए करीब 3360 पारिवारिक विवादों के केसों में करीब 50 प्रतिशत केस ऐसे हैं जिनमें नशे के कारण परिवारों में बिखराव की स्थिति बनने कारण परिवार टूटने के कगार पर पहुंच चुके हैं। महिला अधिवक्ता रेखा यादव ने बताया कि नशे के कारण सामाजिक तानाबाना कमजोर होने के साथ-साथ परिवार बिखर रहे हैं। एक वर्ष के दौरान रखे गए 3360 मामलों में करीब 1500 से 2000 केस ऐसे हैं जिनमें नशे के कारण बिखराव की स्थिति बनी हुई है और वे नशे के साथ समझौता करने पर वह परिवार बस सकते हैं।
गांव अगिहार निवासी हेमंत सिंह ने बताई दास्तान
गांव अगिहार निवासी हेमंत सिंह ने बताया कि पिता को शराब के नशे की लत होने के कारण महज 42 वर्ष की उम्र में उनका देहांत हो गया। अचानक मुखिया के चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उस समय बड़ा भाई 19 वर्ष का था वह स्वयं सातवीं कक्षा में पढ़ता था। दो बहनें भी पढ़ाई कर रही थी। परिवार के सामने संकट खड़ा हो गया तथा सारी जिम्मेदार मां पर आन पड़ी। दोनों भाईयों ने दो वर्ष के लिए पढ़ाई छोड़ दी। इसके बाद दो वर्ष में स्थिति संभाल पाए। दोनों भाईयों व परिवार के सदस्यों ने मिलकर बहनों की शादी की। इसके दोनों भाईयों ने स्थिति सामान्य होने पर पढ़ाई भी शुरू कर दी। बड़े भाई ने बीए करने के बाद निजी कंपनी में काम शुरू कर दिया तथा वह 12वीं कक्षा पास करने के बाद एमपीएचडल्यू का कोर्स कर रहे हैं। पिता के जाने के बाद परिवार ने 12 साल तक लगातार संघर्ष कर अपने आप को संभाला है। हेमंत सिंह ने बताया कि पिता गलत संगत में पड़कर नशे की लत लगा बैठे। यदि समय रहते माता-पिता व परिवार अपने बच्चों पर ध्यान दें तो नशे से बचाव संभव है। नशा सामाजिक सौहार्द को भी कमजोर कर रहा है। आने वाली पीढ़ी को अभिभावक नशे से दूर रखकर स्वच्छ समाज के निर्माण में योगदान दे सकते हैं। वहीं युवा पीढ़ी में धीरे-धीरे बढ़ रही नशे की लत समाज के लिए घातक साबित होगी। समय रहते इस पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले समय में इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।