नारनौल। जिला नगर योजनाकार की टीम ने सोमवार को शहरी क्षेत्र नारनौल में महेंद्रगढ़ रोड नजदीक बिजली घर के पास लगभग तीन एकड़ भूमि में विकसित की जा रही अवैध काॅलोनी में तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई। राजस्व संपदा नारनौल में कुछ लोगों द्वारा लगभग तीन एकड़ में महानिदेशक, नगर तथा ग्राम आयोजना विभाग से बिना अनुमति लिए अवैध काॅलोनी बना रहे थे, जिसे जिला प्रशासन की मदद से तोड़ दिया गया। इस कार्रवाई में छह डीपीसी व सभी कच्चे रोड नेटवर्क उखाड़ दिये गए। जिला नगर योजनाकार मंदीप सिंह ने लोगों से अपील की है कि नियंत्रित क्षेत्र में कोई भी निर्माण बिना विभागीय अनुमति के न करे तथा महानिदेशक, नगर तथा ग्राम आयोजना विभाग लाइसेंस अनुमति लेने उपरांत ही कृषि भूमि को रिहायशी अथवा वाणिज्यिक उपयोग के लिए परिवर्तित करे अन्यथा उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी अवैध कॉलोनी में कोई प्लाट प्रापर्टी डीलर्स के बहकावे में आकर न खरीदें और न ही अवैध निर्माण करें। इसके अतिरिक्त कोई भी प्लॉट खरीदने से पहले कॉलोनी की वैधता बारे व निर्माण करने से पूर्व नियमानुसार अनुमति लेने के लिए जिला नगर योजनाकार कार्यालय नारनौल में पता किया जा सकता है। जिला नगर योजनाकार ने बताया कि भविष्य में जिले में अन्य स्थानों पर विकसित की जा रही अवैध कालोनियों तथा अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।