महेंद्रगढ़। अधिवक्ता अंकित यादव को जान से मारने की धमकी के मामले में 13 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। डीएसपी ने बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं को तीन दिन का समय मांगकर धरने को स्थगित करवाया था। तीन दिन बीत जाने के बाद भी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार को बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने नारनौल हेडक्वार्टर डीएसपी हरकेश हुड्डा से मुलाकात की। डीएसपी ने अधिवक्ताओं को दो दिन में आरोपी की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। डीएसपी हरकेश हुड्डा ने कहा कि आरोपी को तलाशने के लिए एसआईटी सहित चार टीमें लगी हुई है। राजस्थान पुलिस से संपर्क किया जा रहा है।
बार प्रधान राजीव व अधिवक्ता आलोक खैरवाल ने बताया कि शुक्रवार को बार एसोसिएशन के सदस्य आरोपी की गिरफ्तार की मांग को लेकर डीएसपी हेडक्वार्टर नारनौल से मिले थे। डीएसपी ने दो दिन में आरोपी की गिरफ्तार का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि अगर सोमवार तक पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं करती है तो सोमवार को बार एसोसिएशन महेंद्रगढ़ में बैठक आयोजित कर आगामी रणनीति तैयार की जाएगी।