महेंद्रगढ़। गांव बसई में एक व्यक्ति ने शराब के नशे में पीट पीटकर और गला दबाकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। सौतेले बेटे नवीन की शिकायत पर पुलिस ने पिता राजबीर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
गांव बसई निवासी नवीन कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह हाल में गुरुग्राम में नौकरी करता है। उसकी माता की करीब 15 वर्ष पहले मौत हो चुकी है। वो तीन बहन भाई हैं और तीनों ही अविवाहित हैं। उसके पिता ने उसकी माता की मौत के बाद दूसरी शादी कर ली थी। जिसकी एक 12 वर्ष की लड़की रशमी है। उसकी सौतेली माता का नाम सपना था। शुक्रवार की सुबह चाचा सतीश ने उसको माता की मौत की सूचना दी। सूचना पाकर जब वह घर आया तो उसकी छोटी बहन रशमी ने सबकुछ बता दिया। रशमी ने बताया कि पिता ने रात को शराब पीकर उसके साथ और उसकी माता के साथ मारपीट की और गला दबाकर हत्या कर दी। वह डर की वजह से दूसरे कमरे में छिपी रही। नवीन कुमार ने बताया कि उसकी दूसरी माता सपना की हत्या उसके पिता राजबीर ने की है। पुलिस ने मृतका के पुत्र नवीन कुमार के बयान पर नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने पिता राजबीर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया।