नारनौल। पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए अहम कदम उठाए जा रहे हैं। इसके चलते अभियान चलाकर लोगों को यातायात नियमों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। वहीं गलत लेन में वाहन चलाने, गलत दिशा में वाहन चलाने वाले, गलत पार्किंग और अन्य नियमों की उल्लंघना करने वालों के चालान किए जा रहे हैं।
पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जिले में दुर्घटना संभावित क्षेत्र चिन्हित किए हैं, जिनको लेकर संबंधित विभाग से पत्राचार कर दुर्घटनाएं रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए जा रहे हैं। पुलिस ने यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने को लेकर वर्ष 2023 में जनवरी से दिसंबर माह तक करीब 43 हजार वाहन चालकों के चालान किए।
एसपी नितिश अग्रवाल ने कहा कि यातायात नियमों को मन से अपनाएं, किसी भय या दबाव से नहीं। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की पालना कर खुद को सुरक्षित करें। हर साल होने वाले मौत के आंकड़ों में एक बड़ा हिस्सा सड़क दुर्घटनाओं का होता है। इसके लिए वाहन चालकों का जागरूक होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए जा रहे हैं। कोहरे में वाहन चालक आगे चलने वाले वाहनों से उचित दूरी बनाए रखें और फॉग लाइट और इंडिकेटर्स लगातार ऑन रखें।