नारनौल। नारनौल बस स्टैंड में सीवर जाम होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके लिए रोडवेज महाप्रबंधक की तरफ से जनस्वास्थ्य विभाग का अवगत भी करवाया गया, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
इसकी वजह से यात्रियाें के साथ-साथ स्टाॅफ सदस्यों का भी निकलना दूभर हो गया है। शौचालयों में भी नियमित साफ-सफाई नहीं की जा रही है। जिसकी वजह से हर समय बस स्टैंड पर गंदगी का आलम बना रहता है। आलम यह है कि बस स्टैंड पर बनी पुलिस चौकी के पास तो कोई यात्री खड़ा भी नहीं हो सकता है। लेकिन अब तक संबंधित विभाग की तरफ से ध्यान नहीं दिया गया है, जिसका खामियाजा यात्रियों और स्टॉफ कर्मियों को उठाना पड़ रहा है।
खुले में शौच बहने से बढ़ी परेशानी
सीवर जाम होने से शौच भी खुले में बह रहा है, जिसकी वजह से यात्री मुंह पर कपड़ा लगाकर आवागमन करने को मजबूर हो रहे हैं। बस स्टैंड पर प्रतिदिन हजारों यात्रियाें का आवागमन रहता है। लेकिन इसके बावजूद बस स्टैंड परिसर का बुरा हाल है।
वर्जन:
सीवर जाम की समस्या के बारे में जनस्वास्थ्य विभाग को अवगत करवाया गया था, जिसके बाद सीवर को ठीक करने के लिए मशीन भी भेजी गई थी। यह समस्या बस स्टैंड के बाहर सड़क पर बनी हुई है। जिसे विभाग द्वारा जल्द ही ठीक करने की बात कही गई है।
नवीन शर्मा, महाप्रबंधक रोडवेज विभाग नारनौल।
नारनौल बस स्टैंड पर बने सार्वजनिक शौचालय तथा वर्कशॉप में बने शौचालय में सफाई न होना, बस स्टैंड पोर्च से लेकर बस स्टैंड पर बनी पुलिस चौकी तक जाने का रास्ता बदबूदार पानी से जल मग्न होने की समस्या के बारे में यूनियन महाप्रबंधक से मिली थी। जिस पर महाप्रबंधक ने जन स्वास्थ्य विभाग नारनौल को 30 जनवरी, 2 फरवरी तथा 5 फरवरी को पत्र भी लिखा, लेकिन अब तक जन स्वास्थ्य विभाग ने समस्या का समाधान नहीं किया है। अगर जल्दी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो यूनियन उपायुक्त से मुलाकात करेंगी।
अनिल भीलवाड़ा, डिपो प्रधान नारनौल।