नारनौल की नई अनाज मंडी में बाजरे का उठान करते मजदूर। संवाद
नारनौल /नांगल चौधरी/ मंडी अटेली। जिले की सभी छह मंडियों में शुक्रवार को बाजरे की खरीद जारी रही। नारनौल और नांगल चौधरी में हैफेड और अटेली में वेयर हाउस ने बाजरे की खरीद की। पिछले 18 दिनों में अब तक अटेली में 10624, नारनौल में 4866 और नांगल चौधरी में 2992 गेट पास जारी किए गए हैं। जिले की 6 मंडियों में पिछले 18 दिनों में अब तक कुल 898938.7 क्विंटल बाजरे की आवक हुई। वहीं अटेली में अब तक 272443.2 नारनौल में 120369.3 क्विंटल, और नांगल चौधरी में 74618.5 क्विंटल बाजरे की आवक हो चुकी है।
अटेली में अब तक 2 लाख 72 हजार क्विंटल बाजरे की खरीद की जा चुकी है और करीब 2 लाख क्विंटल बाजरे का उठान किया जा चुका है। नारनौल में 117580 क्विंटल और नांगल चौधरी में 70460 क्विंटल बाजरे की खरीद की जा चुकी है। वहीं नारनौल में 96420 क्विंटल और नांगल चौधरी में 37670 क्विंटल बाजरे का उठान किया जा चुका है।
बाजार भाव और न्यूनतम समर्थन मूल्य में मामूली अंतर
जिले में गत 1 अक्तूबर से बाजरे की खरीद जारी है, लेकिन मंडियों में बाजरे की आवक कम है। पिछले साल की तुलना में इस साल बाजरे की आवक बहुत कम है। जिसके पीछे का कारण बाजरे की कम पैदावार को माना जा रहा है। क्योंकि बाजरे की पैदावार कम है और मांग अधिक है। इस कारणवश बाजरे का बाजार भाव और न्यूनतम समर्थन मूल्य में मात्र 50 रुपये का अंतर है। जिस कारण कम किसान मंडी में फसल बेचने के लिए आ रहे हैं। गौरतलब है कि इस समय बाजरे का बाजार भाव 2575 रुपये और न्यूनतम समर्थन मूल्य 2625 रुपये हैं।
वर्जन:
नारनौल व नांगल चौधरी में बाजरे की खरीद व उठान प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है। संभावना है कि आगामी कुछ दिनों में बाजरे की आवक में बढ़ोतरी होगी। किसानों से आग्रह है कि फसल को अच्छे से सुखा कर लाएं ताकि अधिक नमी के कारण फसल बेचने के लिए इंतजार नहीं करना पड़े।
प्रवीण भारद्वाज, जिला प्रबंधक हैफेड, नारनौल।