कनीना। खेड़ी के जलघर से ट्रक में क्रेन की सहायता से पाइप चोरी कर रहे पांच युवकों को जन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी व ग्रामीणों ने पुलिस के हवाले किया है। जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से पुलिस को शिकायत देकर मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई गई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने पांचों युवकों को काबू कर जांच शुरू कर दी है। गांव खेड़ी जलघर में डीआई पाइपों की दिनदहाड़े चोरी करते हुए 5 लोग एक ट्रक तथा एक क्रेन मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिए गए। वहीं गांव में चर्चा है कि इस मामले में विभाग के ही किसी अधिकारी का हाथ है। इस संबंध में सूचना जलघर में कार्यरत कर्मचारी राजेश कुमार ने उपमंडल अभियंता सब डिविजन कनीना को दी। राजेश कुमार ने बताया कि वह जलघर खेड़ी में कर्मी है। जब सुबह मंगलवार को तैनाती पर जल खेड़ी पहुंचा तो जल घर के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो डीआई पाइप क्रेन द्वारा ट्रक में लोड किए जा रहे थे। 86 पाइप लोड कर लिए गए। इस बारे में पूछा तो वे लोग संतोषजनक जवाब नहीं दिया। उल्टा उसकी ओर रोब जमाने लगे। न ही इस संबंध में कोई अनुमति पत्र भी दिखाया। तत्पश्चात इसकी सूचना उनके पास मौजूद कर्मचारी ने अपने फोन से कनिष्ठ अभियंता धीरेंद्र सागवान को सूचना दी। जेई ने 112 नंबर पर कॉल करने की बात कही जिसके चलते कार्यरत कर्मचारी ने पुलिस को सूचित किया। तुरंत पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने 5 लोगों, ट्रक एवं क्रेन को कब्जे में ले लिया तथा इसकी सघन जांच कर रही है। चोर कब रात को घुसे थे तथा इसके पीछे किसका हाथ है, पुलिस पता लगा रही है। उधर जेई पब्लिक हेल्थ धीरेंद्र सागवान ने बताया कि खेड़ी के जलघर पर कर्मी मौके पर पहुंच गया जिसने लाखों रुपये के पाइप चोरी होने से बचा लिये हैं। इस संबंध में पुलिस को एफआईआर करने की सूचना दे दी है।
विभाग के कर्मचारियों ने दी सूचना
गांव खेड़ी के सरपंच पंकज सिंह तंवर ने बताया कि जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव में पेयजल लाइन डालने के लिए डीआई पाइप गांव के जलघर में रखे गए थे। मंगलवार दोपहर को कर्मचारी ने सूचना दी। इसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर देखा तो युवकों द्वारा प्रयोग की जा रही क्रेन, गाड़ी व निजी गाड़ी पर कोई भी नंबर अंकित नहीं थे। इसके बाद जब पूछताछ की गई तो कोई जवाब नहीं दे पाए। पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाकर पांच युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया।